स्वास्थ्य

Lisa Ray को हुआ था Multiple Myeloma, Mayo Clinic से जानिए इस ब्लड कैंसर के शुरुआती लक्षण

Blood Cancer Symptoms: अभिनेत्री Lisa Ray को Multiple Myeloma नाम का ब्लड कैंसर हुआ था। Mayo Clinic और MMRF के अनुसार लगातार थकान, हड्डियों में दर्द, कमजोरी और बार-बार संक्रमण इसके संकेत हो सकते हैं।

3 min read
Jun 18, 2026
Multiple Myeloma Symptoms
Lisa Ray की फोटो (Photo- insta @lisaraniray)

Multiple Myeloma Symptoms: अभिनेत्री Lisa Ray को साल 2009 में Multiple Myeloma नाम के एक दुर्लभ ब्लड कैंसर का पता चला, तब उन्होंने खुद को टूटने नहीं दिया। बल्कि इस बीमारी को जिंदगी को नए नजरिए से देखने का मौका माना।

हाल ही में एक बातचीत में Lisa Ray ने बताया कि कैंसर ने न सिर्फ उनके शरीर को प्रभावित किया, बल्कि उनकी सोच, रिश्तों और जीवन जीने के तरीके को भी पूरी तरह बदल दिया।

कौन सा कैंसर हुआ था Lisa Ray को?

Lisa Ray को Multiple Myeloma नाम का कैंसर हुआ था। Mayo Clinic और Multiple Myeloma Research Foundation (MMRF) के अनुसार यह एक प्रकार का ब्लड कैंसर है, जो बोन मैरो (हड्डियों के अंदर मौजूद स्पंजी ऊतक) में बनने वाली प्लाज्मा कोशिकाओं को प्रभावित करता है। ये कोशिकाएं सामान्य रूप से शरीर को संक्रमण से बचाने के लिए एंटीबॉडी बनाती हैं। लेकिन जब इनमें कैंसर विकसित हो जाता है, तो ये असामान्य कोशिकाएं तेजी से बढ़ने लगती हैं और शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

ऐसे लक्षण जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं

Multiple Myeloma की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसके शुरुआती लक्षण सामान्य समस्याओं जैसे लग सकते हैं।

  • लगातार थकान रहना
  • कमजोरी महसूस होना
  • पीठ, पसलियों या हड्डियों में दर्द
  • बार-बार संक्रमण होना
  • खून की कमी (एनीमिया)
  • अचानक वजन घटना
  • अत्यधिक प्यास लगना
  • किडनी से जुड़ी समस्याएं

Mayo Clinic के मुताबिक कुछ लोगों में शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण भी दिखाई नहीं देते, इसलिए बीमारी का पता देर से चल सकता है।

बीमारी ने बदल दी सोच

कैंसर से पहले Lisa Ray मॉडलिंग की दुनिया में बेहद सफल थीं। लेकिन वह हमेशा खुद को साबित करने की कोशिश में लगी रहती थीं। उन्होंने बताया कि अगर तबीयत खराब भी होती थी, तब भी काम जारी रखती थीं। उन्हें लगता था कि हर हाल में सबसे बेहतर होना जरूरी है। लेकिन कैंसर ने उन्हें रुककर खुद को देखने का मौका दिया। उन्होंने महसूस किया कि वह दूसरों की उम्मीदों के हिसाब से जिंदगी जी रही थीं, जबकि अपनी असली पहचान को पीछे छोड़ चुकी थीं।

रिसर्च क्या कहती है?

कैंसर सिर्फ शरीर की बीमारी नहीं है। इसका असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। अमेरिका की National Cancer Institute के मुताबिक कैंसर का निदान होने के बाद मरीजों में डर, चिंता, तनाव और अवसाद जैसी भावनाएं आम होती हैं। ऐसे समय में परिवार, दोस्तों और समाज का सहयोग मरीज को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकता है।

खाने को दवा की तरह देखना शुरू किया

Lisa ने बताया कि बीमारी के बाद उन्होंने अपनी जीवनशैली में कई बदलाव किए। उन्होंने पोषण और स्वस्थ खानपान के बारे में पढ़ना शुरू किया और खाने को सिर्फ स्वाद नहीं बल्कि शरीर को ठीक रखने के साधन के रूप में देखना शुरू किया। हालांकि स्वस्थ आहार कैंसर का इलाज नहीं है, लेकिन सही मेडिकल ट्रीटमेंट के साथ पौष्टिक भोजन और अच्छी जीवनशैली मरीज की रिकवरी में मदद कर सकती है।

कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?

अगर आपको कई हफ्तों से लगातार थकान, हड्डियों में दर्द, बार-बार संक्रमण, कमजोरी या खून की कमी जैसी समस्याएं महसूस हो रही हैं, तो इन्हें सामान्य मानकर नजरअंदाज न करें। हालांकि ये लक्षण कई अन्य कारणों से भी हो सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
18 Jun 2026 11:30 am