स्वास्थ्य

Lung Cancer Symptoms: सामान्य खांसी या पेट दर्द समझकर न टालें, जानिए फेफड़ों और अग्नाशय के कैंसर के शुरुआती संकेत

Pancreatic Cancer Symptoms: लगातार खांसी, पीलिया या बिना कारण वजन घटना हो सकते हैं कैंसर के संकेत। जानिए फेफड़ों और अग्नाशय के कैंसर के लक्षण, बचाव और जांच के तरीके।
3 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 8:00 PM IST
डॉक्टर छाती के सीटी स्कैन की रिपोर्ट देखते हुए
फेफड़ों और अग्नाशय के कैंसर के शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य खांसी या पेट की तकलीफ जैसे दिखते हैं, इसलिए पहचान में देरी हो जाती है। लगातार लक्षण बने रहें तो विशेषज्ञ से जांच कराएं। (सांकेतिक फोटो) (Source- Freepik)

Lung Cancer Symptoms: कैंसर का नाम डर पैदा करता है, लेकिन समय पर पहचान और आधुनिक उपचार से इससे लड़ना संभव है। फेफड़ों और अग्नाशय का कैंसर गंभीर हैं, क्योंकि शुरुआती लक्षण स्पष्ट नहीं होते। फेफड़ों के कैंसर के संकेत सामान्य खांसी या छाती के संक्रमण जैसे दिख सकते हैं, जबकि अग्नाशय का कैंसर लंबे समय तक बिना लक्षणों के पनपता है। इसलिए जोखिम कारकों की जानकारी, असामान्य बदलावों पर सतर्कता बेहद जरूरी है।

कितना आम है फेफड़ों का कैंसर?

इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर की 2024 रिपोर्ट के अनुसार, भारत में प्रतिवर्ष लगभग 1.13 लाख नए फेफड़ों के कैंसर के मामले सामने आते हैं। यह देश में तीसरा सबसे आम कैंसर है और कैंसर से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। अधिकतर मरीज अस्पताल तब पहुंचते हैं जब बीमारी काफी बढ़ चुकी होती है। कई बार शुरुआती लक्षणों को टीबी या बार-बार होने वाले छाती के संक्रमण समझ लिया जाता है, जिससे बीमारी की पहचान में देरी हो जाती है।

कारण एवं जोखिम कारक

सिगरेट और बीड़ी का धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर का सबसे प्रमुख जोखिम कारक है। हालांकि, यह कैंसर उन लोगों में भी हो सकता है, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया हो। अन्य प्रमुख कारणों में दूसरों के धुएं के संपर्क में आना, वायु प्रदूषण, खाना पकाने में लकड़ी एवं कोयले से निकलने वाला धुआं तथा एस्बेस्टस, सिलिका और औद्योगिक रसायनों से संपर्क शामिल हैं।

चेतावनी के लक्षण पहचानें

  • लगातार खांसी रहना या पुरानी खांसी का बढ़ जाना। बलगम में खून आना।
  • सांस फूलना या लगातार सांस में दर्द।
  • बार-बार निमोनिया या छाती में संक्रमण होना।
  • बिना कारण वजन कम होना, थकान और भूख न लगना। आवाज में लगातार भारीपन या बदलाव आना।
  • खांसी 2-3 सप्ताह से अधिक बनी रहे और अन्य समस्याएं भी हों तो इसे अनदेखा न करें।

अग्नाशय का कैंसर

ऐसा कैंसर जिसके लक्षण देर से सामने आते हैं

अग्नाशय पेट के अंदर, आमाशय के पीछे गहराई में स्थित एक महत्वपूर्ण अंग है। अग्नाशय का कैंसर अक्सर शुरुआती अवस्था में पहचान में नहीं आ पाता, क्योंकि इसके लक्षण बहुत सामान्य हो सकते हैं या कई बार दिखाई ही नहीं देते।

इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें

  • आंखों और त्वचा का पीला पड़ना, पेशाब का गहरा रंग, मल का हल्का रंग तथा शरीर में खुजली।
  • पेट के ऊपरी हिस्से में लगातार दर्द, कभी-कभी पीठ तक फैलना।
  • बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना, भूख न लगना, पेट फूलना या मितली आना।
  • अचानक मधुमेह का पता चलना।

इन लोगों में जोखिम अधिक

  • तंबाकू और धूम्रपान का सेवन।
  • मोटापा, अनानाशय की सूजन।
  • मधुमेह तथा परिवार में अग्नाशय के कैंसर का इतिहास।
  • कुछ आनुवंशिक स्थितियां।

पीलीया से राहत

यदि अग्नाशय कैंसर का पता शुरुआती अवस्था में चल जाए और उसे पूरी तरह निकाला जा सके, तो सर्जरी से ठीक होने की सबसे अच्छी संभावना होती है। सर्जरी रोबोटिक या लेप्रोस्कोपिक तकनीक से भी की जा सकती है। कीमोथेरेपी सर्जरी से पहले या बाद दी जा सकती है। अन्य सहायक प्रक्रियाओं में पित्त नली में रुकावट के कारण होने वाले पीलीया से राहत देने के लिए स्टेंट डाला जा सकता है।

धुआं- वायु प्रदूषण और धूम्रपान से दूर रहें

तंबाकू से दूर रहना, धूम्रपान छोड़ना, घर के अंदर लकड़ी एवं कोयले के धुएं से बचाव और वायु प्रदूषण को कम करना रोकथाम के महत्वपूर्ण उपाय हैं। अधिक जोखिम वाले व्यक्तियों, विशेषकर लंबे समय तक धूम्रपान करने वालों और पूर्व धूम्रपान करने वालों में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार लो-डोज सीटी स्कैन से शुरुआती कैंसर का पता लगाया जा सकता है।

ध्यान रखें: हर पुरानी खांसी टीबी नहीं होती और फेफड़ों का कैंसर केवल धूम्रपान करने वालों को ही नहीं होता। समय पर पहचान एक लाइफलाइन बीमारी को इलाज योग्य बना सकती है। आधुनिक सर्जरी, टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी ने फेफड़ों के कैंसर के मरीजों के लिए नई उम्मीद जगाई है।

क्या है उपचार, जानें?

डॉ. जीवन राम विश्नोईके अनुसार, फेफड़ों के कैंसर की पहचान के लिए छाती का एक्स-रे, सीटी स्कैन और बायोप्सी की जाती है। ट्यूमर की विशेष मॉलिक्यूलर टेस्टिंग से उसमें मौजूद आनुवांशिक बदलावों का पता चलता है, जिससे मरीज के लिए उपयुक्त उपचार तय किया जाता है।

  • फेफड़ों के कैंसर का उपचार उसकी अवस्था और मरीज की स्थिति के अनुसार किया जाता है।
  • शुरुआती अवस्था में सर्जरी से ट्यूमर और प्रभावित लिम्फ नोड्स हटाए जाते हैं।
  • सर्जरी कैंसर के उपचार के आधुनिक विकल्प हैं।
  • कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी से कैंसर कोशिकाओं को नियंत्रित किया जाता है।
  • मॉलिक्यूलर जांच के आधार पर टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी भी दी जाती है।
डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।