स्वास्थ्य

Red Eye Symptoms: आंखें लाल हों तो क्या करें? कब डॉक्टर के पास जाना जरूरी? NHS से जानें

Red Eye Symptoms Hindi: आंखों में लाली, जलन या चुभन क्यों होती है? जानिए NHS की गाइडलाइंस के अनुसार, आंखें लाल होने के कारण और ऐसा होने पर क्या करें, कब डॉक्टर से मिलें।
2 min read
Aug 01, 2026
red eye symptoms,red eye causes and treatment,when to see doctor for red eye,
जब भी आंखों में कोई हल्की सी परेशानी या एलर्जी होती है, तो उनकी बारीक नसों में सूजन आ जाती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Gemini)

Red Eye Symptoms: दिनभर कंप्यूटर और मोबाइल पर काम करने के बाद जब आंखें अचानक एकदम लाल दिखती हैं, तो मन में सबसे पहला डर यही बैठता है कि यह क्या हो गया? ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के अनुसार, आंखों का लाल होना आम बात है और यह 1-2 दिनों में अपने आप ठीक भी हो जाती है। लेकिन, कई बार यह किसी इंफेक्शन या बड़ी समस्या का इशारा भी हो सकती है। इसलिए यह समझना बहुत जरूरी है कि इन दोनों में क्या अंतर है। आइए, जानते हैं कि आंखों के लाल होने का क्या मतलब है, घर पर क्या देखभाल करनी चाहिए और कब बिना देर किए डॉक्टर के पास पहुंचना चाहिए।

आंखें लाल होने के लक्षण क्या हैं?

हमारी आंखें शरीर का बहुत ही नाजुक हिस्सा हैं। जब भी आंखों में कोई हल्की सी परेशानी या एलर्जी होती है, तो उनकी बारीक नसों में सूजन आ जाती है, जिससे आंखें लाल दिखने लगती हैं। हेल्थलाइन के अनुसार, इसके मुख्य लक्षण कुछ इस प्रकार हैं;

  • आंखों में किरकिराहट, जलन और कीचड़ आना।
  • चुभन, सूखापन और पानी आना।
  • पलकों पर खुजली और पपड़ी जमना।
  • पलक का बाल अंदर मुड़ना।
  • पलक पर सूजन या गांठ बनना।

आंख लाल हो, तो घर पर क्या करें?

अगर आपकी आंख में कोई तेज दर्द नहीं है, देखने में बिल्कुल भी धुंधलापन या दिक्कत नहीं आ रही है और आप एकदम सामान्य महसूस कर रहे हैं, तो घबराने की कोई बात नहीं है। यह 2-3 दिनों में अपने आप ठीक हो जाएगी। जब तक आंख पूरी तरह सामान्य न हो जाए, तब तक इन जरूरी बातों का ध्यान रखें;

  • आंखों को मलने या रगड़ने से बचें।
  • कॉन्टैक्ट लेंस तुरंत निकाल दें।
  • ठंडे व साफ पानी से सिंकाई करें।
  • फार्मेसी या मेडिकल स्टोर की मदद लें।

डॉक्टर या आंखों के डॉक्टर (Optician) से कब मिलें?

  • बच्चे की उम्र 2 साल से कम हो और उसकी आंख लाल हो गई हो।
  • आपकी आंखों से लगातार पीला या हरा चिपचिपा पानी/कीचड़ निकल रहा हो।
  • पलकों पर पपड़ी जमने या आंख के लाल धब्बे की समस्या कई दिनों से बनी हुई हो और कम न हो रही हो।
  • आपको अपनी आंखों की सेहत को लेकर ज़रा भी चिंता या शंका महसूस हो रही हो।

तुरंत इमरजेंसी में अस्पताल कब जाएं?

NHS के मुताबिक, अगर आंख लाल होने के साथ-साथ आपको नीचे दिया गया कोई भी एक लक्षण नज़र आए, तो तुरंत अस्पताल (A&E) जाएं या इमरजेंसी डॉक्टर को दिखाएं;

  • देखने की क्षमता में बदलाव आना।
  • रोशनी से तेज दर्द होना।
  • सिरदर्द और उल्टी महसूस होना।
  • आंख का रंग बहुत गहरा लाल होना।
  • चोट लगना या केमिकल गिरना।
  • कॉन्टैक्ट लेंस पहनने वालों को तेज दर्द होना।
  • दोनों पुतलियों का साइज अलग दिखना।
  • नवजात शिशु (28 दिन से छोटा बच्चा)।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
01 Aug 2026 08:15 am