स्वास्थ्य

शरीर में सालों तक बिना लक्षण रह सकती है Gallstones, लेकिन एक दिन अचानक बढ़ सकता है दर्द, NIDDK से जानें शुरुआती संकेत

Gallstones Causes: NIDDK और Mayo Clinic के अनुसार Gallstones सालों तक बिना लक्षण रह सकती है। जानें पेट दर्द, मतली और अन्य शुरुआती संकेत, कारण और बचाव के तरीके।
3 min read
Jun 29, 2026
Gallbladder Stone Symptoms Gallstones Causes Gallstones Treatment
Gallstones के शुरुआती लक्षण और पित्त की थैली में पथरी के संकेत (photo- freepik)

Gallstones Symptoms: क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि अचानक पेट के ऊपरी दाईं तरफ तेज दर्द उठा हो, लेकिन कुछ देर बाद अपने आप ठीक भी हो गया हो? अक्सर लोग ऐसे दर्द को गैस, एसिडिटी या ज्यादा तला-भुना खाने का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार यही दर्द पित्त की थैली (Gallbladder) में पथरी यानी गॉलस्टोन (Gallstones) का संकेत भी हो सकता है।

National Institute of Diabetes and Digestive and Kidney Diseases (NIDDK) के मुताबिक, कई लोगों के शरीर में सालों तक गॉलस्टोन मौजूद रहती हैं, लेकिन कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। जैसे ही पथरी पित्त की नली को ब्लॉक करती है, अचानक तेज दर्द शुरू हो सकता है।

बिना लक्षण भी रह सकती है गॉलस्टोन

NIDDK के अनुसार, जिन लोगों की पित्त की थैली में पथरी होती है, उनमें से बड़ी संख्या को लंबे समय तक किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं होती। इसे साइलेंट गॉलस्टोन कहा जाता है। यानी पथरी शरीर में मौजूद रहती है, लेकिन तब तक कोई दिक्कत नहीं होती, जब तक वह पित्त के सामान्य प्रवाह में रुकावट नहीं डालती। यही वजह है कि कई लोगों को बीमारी का पता अचानक होने वाले दर्द के बाद चलता है।

दर्द कब देता है संकेत?

Mayo Clinic के मुताबिक, जब गॉलस्टोन पित्त की नली में फंस जाती है, तब दर्द अचानक शुरू होता है। यह दर्द कुछ मिनटों से लेकर कई घंटों तक बना रह सकता है। अक्सर यह दर्द पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में महसूस होता है। कई लोगों को यह दर्द सीधा पीठ या दाएं कंधे तक भी पहुंचता है। खास बात यह है कि तला-भुना या ज्यादा फैट वाला भोजन खाने के बाद यह परेशानी ज्यादा महसूस हो सकती है।

किन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें?

अगर आपको नीचे बताए गए लक्षण बार-बार महसूस हो रहे हैं, तो इन्हें सिर्फ गैस समझकर टालना ठीक नहीं होगा। पेट के ऊपरी दाईं तरफ अचानक तेज दर्द होना। दर्द का पीठ या दाएं कंधे तक फैलना और मतली या उल्टी होना। इसके साथ ही भारी या ऑयली खाना खाने के बाद दर्द बढ़ जाना। दर्द का कुछ मिनटों से लेकर कई घंटों तक बने रहना भी इसके लक्षण हो सकते हैं। अगर दर्द के साथ तेज बुखार, ठंड लगना, आंखों या त्वचा का पीला पड़ना (पीलिया) या गहरे रंग का पेशाब भी हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। यह संक्रमण या पित्त की नली में रुकावट का संकेत हो सकता है।

किन लोगों में गॉलस्टोन बनने का खतरा ज्यादा होता है?

  • बढ़ती उम्र
  • महिलाओं में हार्मोनल बदलाव
  • मोटापा
  • बहुत तेजी से वजन कम करना
  • हाई-फैट और हाई-कोलेस्ट्रॉल डाइट
  • परिवार में पहले से गॉलस्टोन का इतिहास

क्या हर गॉलस्टोन का ऑपरेशन जरूरी होता है?

यह एक आम सवाल है। Mayo Clinic के अनुसार, अगर गॉलस्टोन कोई लक्षण नहीं दे रही हैं, तो कई मामलों में तुरंत इलाज की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन यदि बार-बार दर्द हो रहा हो, पथरी संक्रमण पैदा कर रही हो या पित्त की नली ब्लॉक हो रही हो, तो डॉक्टर पित्त की थैली निकालने (Gallbladder Removal Surgery) की सलाह दे सकते हैं। किस मरीज के लिए कौन-सा इलाज सही रहेगा, इसका फैसला जांच के बाद डॉक्टर ही करते हैं।

गॉलस्टोन से बचने के लिए क्या करें?

  • संतुलित और फाइबर से भरपूर भोजन करें।
  • तला-भुना और बहुत ज्यादा फैट वाला खाना सीमित मात्रा में खाएं।
  • वजन धीरे-धीरे कम करें, क्रैश डाइट से बचें।
  • नियमित शारीरिक गतिविधि करें।
  • लंबे समय तक खाली पेट रहने की आदत न बनाएं।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
29 Jun 2026 11:39 am