स्वास्थ्य

Snakebite Envenoming: सांप का जहर शरीर में चला जाए तो क्या करना सही होता है, WHO की गाइडलाइन से समझें

Snakebite Envenoming First Aid: सांप काटने और जहर के शरीर में फैलने पर क्या प्राथमिक उपचार (First Aid) करना चाहिए? आइए जानते हैं कि मेयो क्लिनिक और WHO की गाइडलाइन के अनुसार क्या करें और किन गलतियों से बचें।

2 min read
Jun 09, 2026
what to do after a snake bite, snake bite treatment anti venom, symptoms of snake bite envenoming,
सांप के काटने के बाद मुंह से जहर चूसने की कोशिश न करें। (Source- Freepik)

Snakebite Envenoming First Aid:सांप का काटना (Snakebite) एक ऐसी इमरजेंसी है, जिसमें अक्सर लोग डर के मारे अपनी सुध-बुध खो बैठते हैं। कई बार फिल्मों को देखकर या पुरानी मान्यताओं के चक्कर में लोग ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे मरीज की जान और ज्यादा खतरे में पड़ जाती है। मेयो क्लिनिक के अनुसार, विश्वभर में लगभग 15% सांप ही काटने पर जहर छोड़ सकते हैं। आइए WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) की गाइडलाइन से समझते हैं कि अगर किसी को सांप काट ले या जहर शरीर में चला जाए, तो क्या करना सही होता है और किन बातों से बचना चाहिए।

सांप काटने के बाद सबसे पहले क्या करें?

1. मरीज को शांत रखें और घबराएं नहीं- घबराहट के कारण दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिससे खून का दौरा (Blood Circulation) बढ़ता है और जहर पूरे शरीर में तेजी से फैलने लगता है। इसलिए मरीज को दिलासा दें और शांत रखें।

2. सांप से दूर हट जाएं- सबसे पहले मरीज को उस जगह से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं जहां सांप ने काटा था, ताकि सांप दोबारा हमला न कर सके।

3. काटने वाली जगह को दिल के लेवल से नीचे रखें- अगर पैर या हाथ में सांप ने काटा है, तो उसे शरीर या दिल के लेवल से थोड़ा नीचे की तरफ रखें, ताकि जहर ऊपर की तरफ तेजी से न चढ़े।

4. अंगूठी, घड़ी और तंग कपड़े उतार दें- सांप काटने के बाद उस हिस्से पर सूजन आ सकती है। इसलिए तुरंत मरीज के हाथ की अंगूठी, घड़ी, कंगन या टाइट कपड़े उतार दें, नहीं तो सूजन बढ़ने पर खून का दौरा रुक सकता है।

5. घाव को साफ करें- अगर साफ पानी मौजूद हो, तो घाव को हल्के हाथों से साफ कर दें और उसे किसी साफ, सूखे कपड़े या पट्टी से ढक दें।

6. अस्पताल ले जाएं- बिना एक मिनट गंवाए मरीज को नजदीकी ऐसे सरकारी या बड़े अस्पताल ले जाएं जहां विषरोधी दवा उपलब्ध हो। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) साफ तौर पर कहता है कि सांप के जहर का पक्का इलाज विषरोधी दवाएं ही है।

क्या करने से बचना चाहिए?

1. मुंह से जहर चूसने की कोशिश न करें- मुंह से जहर खींचने की गलती कभी न करें। इससे मरीज को कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि चूसने वाले इंसान के पेट या मुंह में जहर जा सकता है।

2. कपड़े या रस्सी से कसकर न बांधें- काटने वाली जगह के ऊपर कसकर रस्सी या पट्टी बांधने से उस हिस्से में खून की सप्लाई पूरी तरह बंद हो सकती है, जिससे वह अंग खराब हो सकता है।

3. बर्फ न लगाएं और दवा न दें- घाव पर बर्फ रगड़ने की गलती न करें। इसके अलावा डॉक्टर से पूछे बिना मरीज को कोई भी पेनकिलर (दर्द की दवा) बिल्कुल न दें।

4. सांप को पकड़ने के चक्कर में न पड़ें- डॉक्टर को दिखाने के लिए सांप को पकड़ने में अपना समय बर्बाद न करें। यदि दूर से संभव हो, तो सांप की एक फोटो खींच लें या उसका रंग-रूप याद रख लें, ताकि डॉक्टर को बताने में आसानी हो।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
09 Jun 2026 02:08 pm