
Pill Splitting Rules: अक्सर जब हमें किसी दवा की कम खुराक (Dose) लेनी होती है या गोली निगलने में दिक्कत होती है, तो हम बिना सोचे-समझे उसे बीच से तोड़कर आधा कर लेते हैं। कई बार लोग सोचते हैं कि अगर एक गोली 500mg की है, तो आधी काटकर खाने से वह अपने आप 250mg हो जाएगी। लेकिन क्या ऐसा करना वाकई सही और सुरक्षित है? जवाब है, बिलकुल नहीं! क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) की रिपोर्ट के मुताबिक, हर दवा या गोली को आधा तोड़कर खाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। गलत तरीके से दवा काटने से या तो उसका असर खत्म हो सकता है, या फिर आपके शरीर में दवा एक साथ बहुत ज्यादा घुल सकती है, जो नुकसानदेह साबित हो सकती है। आईये जानते हैं कि गोली तोड़कर खाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरुरी है।
डॉक्टर विपुल अग्रवाल (MBBS, MD, FAGE, CPCDM फिजिशियन एवं डायबेटोलॉजिस्ट) के अनुसार, आपने ध्यान दिया होगा कि कुछ गोलियों के ठीक बीच में एक बारीक लाइन बनी होती है। इसे मेडिकल भाषा में स्कोर लाइन (Score Line) कहा जाता है।लेकिन यहां एक बात समझना बेहद जरूरी है गोली पर लाइन होने का मतलब यह कतई नहीं है कि आप उसे अपनी मर्जी से जब चाहें तोड़कर खा लें या अपनी खुराक बदल लें। यह लाइन सिर्फ इस बात का इशारा होती है कि अगर डॉक्टर सलाह दें, तो इसे आसानी से आधा किया जा सकता है। अगर गोली पर ऐसी कोई लाइन नहीं है, तो उसे खुद से काटने की गलती तो भूलकर भी न करें।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कुछ दवाइयां खास तकनीक से बनाई जाती हैं ताकि वो पेट में जाकर धीरे-धीरे असर दिखाएं। अगर आप ऐसी गोलियों को तोड़ते या पीसते हैं, तो उनका पूरा असर एक साथ शरीर में चला जाता है, जो ज़हरीला या खतरनाक हो सकता है। अगर आपकी दवा के नाम के आगे ये शब्द लिखे हैं, तो उन्हें कभी भी आधा न काटें;
1. SR (Sustained Release)- ये गोलियां शरीर में धीरे-धीरे दवा छोड़ती हैं।
2. XR / XL / ER (Extended Release / Extra Long)- इनका असर शरीर में लंबे समय (जैसे 12 या 24 घंटे) तक बनाए रखने के लिए बनाया जाता है।
3. CR (Controlled Release)- ये शरीर में तय समय पर दवा रिलीज करती हैं।
4. Enteric-Coated (एंटेरिक कोटेड)- इन गोलियों पर एक खास तरह की परत होती है ताकि ये पेट के एसिड से बची रहें और सीधे आंत (Intestine) में जाकर घुलें। अगर आप इन्हें तोड़ देंगे, तो पेट का एसिड दवा को नष्ट कर देगा और पेट में जलन भी हो सकती है।
1.गलत डोज मिलना- हाथ या चाकू से काटने पर गोली हमेशा बराबर दो हिस्सों में नहीं टूटती। कभी एक टुकड़ा बड़ा तो कभी छोटा हो जाता है, जिससे आपको सही डोज नहीं मिलती।
2. ओवरडोज या जहर का खतरा- Extended Release (XR/SR) वाली गोलियों को तोड़ने से दवा का सारा असर एक साथ शरीर में चला जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर या शुगर अचानक बहुत कम/ज्यादा हो सकता है।
3. पेट में जलन और एसिडिटी- बिना कोटिंग वाली कड़वी दवा सीधे पेट में जाने से उल्टी, मिचली या पेट में अल्सर की समस्या हो सकती है।
4. दवा का असर खत्म होना- कुछ दवाएं हवा या रोशनी के संपर्क में आते ही खराब होने लगती हैं।
1.गोली कटर (Pill Cutter) का इस्तेमाल करें- अगर डॉक्टर ने आपको गोली आधी खाने की सलाह दी है, तो उसे दांत, कैंची या रसोई के चाकू से न तोड़ें। मेडिकल स्टोर से एक अच्छा पिल कटर खरीदें, जिससे दवा सही और बराबर कटती है।
2. पहले से काटकर न रखें- गोली को उसी समय काटें जब आपको उसे खाना हो। पहले से काटकर रखने से हवा और नमी की वजह से दवा खराब हो सकती है।
3. अपनी मर्जी से डोज न बदलें- अगर आपको लगता है कि दवा बहुत तेज है, तो खुद से आधी गोली खाने की बजाय अपने डॉक्टर से बात करें।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।