स्वास्थ्य

Brain Aneurysm: अचानक होने वाला तेज सिरदर्द हो सकता है ब्रेन एन्यूरिज्म का संकेत, मेयो क्लिनिक से जानें इसके लक्षण

Brain Aneurysm Cause: क्या अचानक तेज सिरदर्द ब्रेन एन्यूरिज्म का संकेत है? आइए मेयो क्लिनिक और क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए इसके मुख्य लक्षण, कारण और बचाव के तरीके।
2 min read
Sep 23, 2026
brain with aneurysm and sudden intense headache depiction
अचानक तेज सिरदर्द किस कारण से होता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Brain Aneurysm Symptoms: क्या आपने कभी अनुभव किया है कि अचानक से सिर में तेज दर्द उठा हो जो पहले कभी न हुआ हो? इसे अक्सर डॉक्टर्स Thunderclap Headache कहते हैं। इस तरह का अचानक और बहुत तेज सिरदर्द मस्तिष्क की एक गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है, जिसे ब्रेन एन्यूरिज्म (Brain Aneurysm) कहा जाता है। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, यह एक ऐसी चिकित्सीय स्थिति है जिसे नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है। आइए समझते हैं कि ब्रेन एन्यूरिज्म क्या है, इसके लक्षण क्या हैं और यह क्यों होता है।

ब्रेन एन्यूरिज्म क्या है?

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, ब्रेन एन्यूरिज्म हमारी दिमागी रक्त वाहिकाओं (Blood Vessels या Arteries) से जुड़ी एक समस्या है। जब दिमाग की किसी नस (धमनी) की दीवार कमजोर पड़ जाती है, तो वहां खून के दबाव के कारण एक छोटा सा गुब्बारा या छाला जैसा फूल जाता है। इसे ही 'एन्यूरिज्म' कहा जाता है। जब तक यह गुब्बारा छोटा रहता है और फटता नहीं है, तब तक ज्यादातर मामलों में इसके कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। लेकिन अगर यह गुब्बारा लीक होने लगे या अचानक फट जाए (Rupture), तो दिमाग में खून का रिसाव होने लगता है, जो बेहद खतरनाक होता है।

एन्यूरिज्म फटने के मुख्य लक्षण (Ruptured Aneurysm Symptoms)

मेयो क्लिनिक का कहना है कि ब्रेन एन्यूरिज्म फट जाता है, तो शरीर में तुरंत और बहुत तेज लक्षण उभरते हैं। इनमें सबसे प्रमुख हैं;

  • अचानक और असहनीय सिरदर्द
  • गर्दन में अकड़न महसूस होना।
  • उल्टी और मतली होना।
  • रोशनी से परेशानी (Sensitivity to Light)।
  • धुंधला या दो-दो दिखना (Double Vision)।
  • चक्कर आना या बेहोश हो जाना।
  • दौरे (Seizures) पड़ना या मिर्गी जैसे दौरे आना।

न फटने वाले एन्यूरिज्म के लक्षण (Unruptured Aneurysm Symptoms)

कई बार एन्यूरिज्म बिना फटे भी आकार में बड़ा हो जाता है और दिमाग की नसों या ऊतकों (Tissues) पर दबाव डालने लगता है। ऐसी स्थिति में ये शुरुआती संकेत मिल सकते हैं;

  • आंख के ऊपर या पीछे तेज दर्द होना।
  • आंख की पुतली (Pupil) का बड़ा हो जाना।
  • चेहरे के एक हिस्से में सुन्नता (Numbness) या कमजोरी महसूस होना।
  • पलक का नीचे की तरफ झुक जाना (Drooping Eyelid)।

इसके होने के मुख्य कारण और जोखिम

दिमाग की धमनियों की दीवारें कई कारणों से कमजोर हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इसके मुख्य कारण और जोखिम कारक निम्नलिखित हैं;

  • उच्च रक्तचाप (High Blood Pressure)।
  • धूम्रपान और नशा।
  • 30 से 60 वर्ष की उम्र के लोगों में अधिक।
  • महिलाओं में इसका जोखिम थोड़ा ज्यादा।
  • अनुवांशिकता (Family History)।

बचाव और डॉक्टर से संपर्क कब करें?

यदि आपको या आपके आसपास किसी को अचानक इतना तेज सिरदर्द हो जो असहनीय हो, साथ ही उल्टी या चक्कर की शिकायत हो, तो इसे आम गैस या तनाव का दर्द समझकर नजरअंदाज न करें। बिना कोई समय गंवाए तुरंत नजदीकी इमरजेंसी या डॉक्टर के पास जाएं, क्योंकि सही समय पर मिला इलाज मरीज की जान बचा सकता है।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on:
23 Sept 2026 09:23 am