
World Diabetes Day 2026: आज के समय शायद से ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो डायबिटीज शब्द से अनजान हो, जिस कदर ये बीमारी कहर ढा रही है उस तरीके से सबको इसके बारे में पता होना लाजमी है। हमारे आसपास लगभग हर परिवार में कोई न कोई ऐसा मिल जाता है जो कहता है, शुगर तो बस थोड़ी बढ़ी हुई है, देखेंगे। यह देखेंगे ही भारत की सबसे बड़ी चुनौती है। आज 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस है। इस साल की थीम Early action on diabetes है। इसका जोर जल्दी पहचान, बेहतर देखभाल और मधुमेह से जुड़े कलंक को कम करने पर है। आइए जानते हैं कि भारत में डायबिटीज के आकंड़ें क्या कहते है और कैसे इसको कम किया जा सकता है।
IDF डायबिटीज एटलस के अनुसार 2024 में भारत में 20–79 वर्ष के लगभग 8.98 करोड़ लोग मधुमेह के साथ जी रहे थे। यह दुनिया में दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। अनुमान है कि 2050 तक यह आंकड़ा करीब 15.67 करोड़ हो सकता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इनमें से लगभग 43% लोगों को पता ही नहीं है कि उन्हें मधुमेह है। यह करीब 3.86 करोड़ लोग हैं। इसके अलावा लगभग 10.7 करोड़ लोगों में फास्टिंग शुगर सामान्य से ज्यादा (IFG) पाई गई है। यह अक्सर टाइप-2 मधुमेह की ओर बढ़ने का संकेत होता है।
2022 में विश्व स्वास्थ्य सभा में WHO के सदस्य देशों ने मधुमेह के लिए पांच वैश्विक लक्ष्य तय किए थे। पहला लक्ष्य है कि 2030 तक मधुमेह वाले 80% लोगों की पहचान हो चुकी हो। बाकी लक्ष्य इलाज की गुणवत्ता से जुड़े हैं, निदान हुए 80% लोगों में शुगर नियंत्रित हो, 80% में ब्लड प्रेशर नियंत्रित हो, और 40 साल से ऊपर के 60% मरीजों को जरूरत के अनुसार स्टैटिन मिले। 2024 की आबादी के हिसाब से ही दो करोड़ से अधिक और लोगों की पहचान करनी होगी। आबादी बढ़ रही है, इसलिए यह संख्या आगे और बढ़ेगी।
क्लीवलैंड क्लिनिक और डॉक्टर विपुल अग्रवाल (MBBS, MD, FAGE, CPCDM, RSSDI, फिजिशियन एवं डायबेटोलॉजिस्ट) के अनुसार इस खतरे के स्तर को कम करने के लिए हम व्यक्तिगत स्तर पर निम्न काम कर सकते हैं;
भारत में लगभग हर दस में से चार से ज़्यादा लोग अपने मधुमेह से अनजान हैं। 2030 का 80% निदान लक्ष्य तभी पूरा होगा जब जांच कराना हमारी आदत बन जाए, डर या झिझक की बात न रहे। सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था की अपनी ज़िम्मेदारी है, पर शुरुआत हर घर से होती है। इसलिए इस विश्व मधुमेह दिवस पर अपनी जांच करवाएं और नतीजे जो भी हों, डॉक्टर से खुलकर बात करें। जल्दी उठाया गया एक छोटा कदम आगे चलकर बहुत बड़ी परेशानी से बचा सकता है।