राजस्थान का मिर्ची वड़ा बहुत फेमस है। यह तीखी मिर्च में आलू का मिश्रण भर कर तैयार किया जाता है
राजस्थान का मिर्ची वड़ा बहुत फेमस है। यह तीखी मिर्च में आलू का मिश्रण भर कर तैयार किया जाता है। इसे सौंठ और हरी चटनी या टमेटो कैचप के साथ भी खाया जा सकता है। यह काफी तीखा और टेस्टी लगता है। यहां पढ़ें राजस्थानी मिर्ची वड़ा बनाने की रेसिपी -
सामग्री -
हरी मिर्च मोटे साइज की (भावनगरी) - 11 (250 ग्राम)
बेसन - 1 कप (100 ग्राम)
उबले आलू - 3 (250 ग्राम)
हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
जीरा- ½ छोटी चम्मच (दरदरा कुटा हुआ)
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच
धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
अदरक का पेस्ट - ½ छोटी चम्मच
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
गरम मसाला - 1/4 छोटी चम्मच
अमचूर पाउडर - ½ छोटी चम्मच
अजवायन - ½ छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा- ½ पिंच
नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
तेल - तलने के लिए
विधि -
बेसन को किसी बड़े प्याले में निकाल लीजिए, थोडा़ थोडा़ पानी डालते हुए पकोड़े के घोल जैसा गाढा़ घोल तैयार कर लीजिए। अब बेसन के घोल में आधा छोटी चम्मच नमक, अजवायन और चौथाई छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिला लीजिए। घोल को 10-15 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए। उबले हुए आलू को छीलकर मैश कर लीजिए।
कढ़ाई में 2 छोटे चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए। तेल गरम होने पर जीरा डालकर भून लीजिए। जीरा भूनने पर हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट डालकर मसालों को थोडा़ सा भून लीजिए। मैश किए हुए आलू, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला पाउडर डालकर सभी को अच्छे से मिलाते हुए आलू को भून लीजिए। आलू को २ मिनिट भून लेने के बाद थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिला लीजिए। गैस बंद कर दीजिए। स्टफिंग बनकर तैयार है इसे प्लेट में निकाल लीजिए।
मिर्चों को धो कर सुखा कर ले लीजिए। मिर्च को लम्बाई में एक साइड से इस तरह काट लीजिए, कि मिर्च दूसरी ओर जुड़ी रहे, सारी मिर्च काट कर तैयार कर लीजिए। कटी हुई मिर्चों में स्टफिंग भर लीजिए। एक मिर्च को हाथ में उठायें कटे हुए भाग से खोलिए और चम्मच से स्टफिंग भर कर दबाकर रख लीजिए, सारी मिर्च भरकर तैयार कर लीजिए। बेसन का घोल भी तैयार है, इसमें बेकिंग सोडा डाल कर मिला लीजिए। कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कीजिए।
मिर्च को बेसन के घोल में लपेटिए और गरम तेल में डालिए, एक बार में 2-3 मिर्च डाल कर पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए। कढ़ाई से पकोड़ा निकाल कर प्लेट में रखिए। सारे मिर्च के पकोड़े इसी तरह बना कर तैयार कर लीजिए। स्वादिष्ट गरमा गरम मिर्च के वड़े बनकर तैयार हैं आप इन्हें टमैटो सॉस, चटनी या अपनी मनपसंद किसी भी सॉस के साथ परोसिए और खाइए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।