
Indore BJP Youth Wing- भाजयुमो नगर अध्यक्ष को लेकर रस्साकशी तेज हो गई है, क्योंकि दतिया चुनाव के बाद में नई सूची जारी होने की प्रबल संभावना है। इस खींचतान में मयूरेश पिंगले के नाम पर सहमति बनती नजर आ रही है जो कि वर्तमान में महामंत्री पद पर हैं। अनुभवी होने के साथ नाम पर विवाद भी नहीं है।
इंदौर में युवा मोर्चा की राजनीति में इन दिनों उथल-पुथल का दौर चल रहा है। कई दावेदार सामने हैं, लेकिन दो नामों ने राजनीति गर्मा दी है।अक्षांशु तिवारी को महामंत्री पद पर समझौता करना पड़ सकता है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने पिछले दिनों ग्वालियर, उज्जैन सहित 15 जिलों में अध्यक्ष तो कुछ जगह पर महामंत्रियों की नियुक्ति कर दी।
पहली सूची जारी होने के बाद से इंदौर को लेकर उठापटक तेज हो गई, चूंकि इंदौर नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने 11 नामों की पैनल भेजी थी। उन्होंने कोर कमेटी के सभी सदस्यों के सुझाए नामों को दे दिया ताकि विवाद की स्थिति ना बने। इसके बाद से प्रदेश स्तर पर दावेदार जोर आजमाइश कर रहे हैं। टेलर भी इस दांव में थे कि उनकी पसंद से इंदौर नगर में नियुक्ति हो जाए।
सूत्रों के मुताबिक दावेदारों की फेहरिस्त में सबसे अनुकूल परिस्थिति मयूरेश पिंगले बनती नजर आ रही है। पिंगले वर्तमान में नगर महामंत्री हैं जिनके पिता सुरेश पिंगले भी संघ के गौ रक्षा संगठन के अहम पद पर हैं। इसके अलावा पिंगले के संबंध केंद्रीय मंत्री पंकजा मुंडे व सत्ता के एक बड़े नेता से भी मजबूत है। वैसे स्थानीय स्तर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे और विधायक मालिनी गौड़ ने उनका नाम दमदारी से रखा है। हालांकि सबसे अच्छे रिश्ते होने का फायदा मिल रहा है।
मजबूत दावेदारों तो अक्षांशु तिवारी भी है जिनका नाम मातृ संगठन की तरफ से ही आया है। टेलर पिंगले को अध्यक्ष बनाकर तिवारी को महामंत्री बना सकते हैं। साथ में घोषणा करके वह संतुलन बनाने का प्रयास कर सकते हैं। बताते हैं कि तिवारी के नाम पर कमेटी के कई नेताओं ने सहमति दी थी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के प्रभारी मंत्री भी हैं और कोर कमेटी के सदस्य भी हैं। ऐसी स्थिति में प्रदेश अध्यक्ष टेलर नियुक्ति से पहले उनसे भी राय लेंगे जिनके रिश्ते वहां तक मजबूत हैं, उन्हें आखिरी समय पर भी फायदा मिल सकता है।
नगर अध्यक्ष पद के दावेदारों में अमित पालीवाल का नाम मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दमदारी से रखा है तो अमित सिंह कुशवाह का नाम भी तेजी से आगे आया है। कुशवाह का नाम विधायक महेंद्र हार्डिया ने रखा था, लेकिन नगर प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी भी उन्हें पसंद करते हैं। इसके साथ राजपूत समाज की एक बड़ी लॉबी भी उन्हें बनवाने में जुटी हुई है तो पुलिस के एक बड़े अधिकारी से भी उनकी रिश्तेदारी है जिनके संबंध भाजपा के कई बड़े नेताओं से काफी अच्छे हैं।