19 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भाजयुमो अध्यक्ष की रेस में बड़ा ट्विस्ट, पहली बार इंदौर की युवती पर संगठन का दांव!

bjp yuva morcha- इंदौर के सभी विधायक अपने किसी न किसी करीबी को ग्रामीण इकाई का अध्यक्ष बनाने में पूरी ताकत से जुटे हैं।
2 min read
Google source verification

इंदौर

image

Manish Gite

Jul 18, 2026

BJP

भारतीय जनता पार्टी का झंडा (File Photo)

indore BJP yuva morcha- भाजपा की इंदौर ग्रामीण इकाई में नया प्रयोग हो सकता है जिसमें युवा मोर्चा की कमान पहली बार किसी युवती के हाथ में दी जा सकती है। दावेदारों की फेहरिस्त में मौजूदा उपाध्यक्ष का नाम पैनल में सबसे मजबूत बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दावेदार नेत्री एबीवीपी में प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष के साथ काम कर चुकी हैं तो प्रदेश भाजपा संगठन भी नाम पर सहमति दे सकता है। हालांकि सभी विधायक अपने अपने समर्थकों को बनाने में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। भाजपा में कब क्या प्रयोग हो जाए और किस कार्यकर्ता की लॉटरी खुल जाए ये कहा नहीं जा सकता।

पार्टी हर बिंदु पर विचार करके चौंकाने वाले फैसले करती है। भाजयुमो ग्रामीण में भी ऐसा ही कुछ हो सकता है जिसकी संभावनाएं बन रही हैं। प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर पिछले कुछ दिनों ने जिला भाजपा अध्यक्ष श्रवण चावड़ा से पैनल मांग रहे हैं। बताया जा रहा है कि कोर कमेटी के सभी सदस्यों के साथ मंथन के बाद पैनल लगभग तैयार हो गई है जिसे दो चार दिन में भेज दिया जाएगा।

पैनल में होंगे एक दर्जन नाम

सूत्रों के मुताबिक नगर भाजपा की तर्ज पर ही ये भी पैनल होगी जिसमें करीब एक दर्जन नाम होंगे। जिला अध्यक्ष चावड़ा भी किसी विवाद में पड़ना नहीं चाहते हैं। वे मंत्री, विधायक और वरिष्ठों के दिए नामों की सूची बनाकर भेजने के मूड में हैं।

जयश्री पाटीदारका नाम भी

इस बार की सूची में अध्यक्ष के तौर पर पहली बार एक युवती का नाम भेजा जा रहा है। इंदौर जिले की महू तहसील से आने वाली जिला उपाध्यक्ष जयश्री पाटीदार अध्यक्ष बनने के लिए दमदारी से लगी हुई हैं। उनका नाम एबीवीपी के साथ संगठन से भी आया है और अच्छी बात ये है कि राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार व विधायक उषा ठाकुर से भी उनके अच्छे रिश्ते हैं। साथ में एबीवीपी की लॉबी भी उन्हें बनाने में मदद करेगी जिसका फायदा मिल सकता है। हालांकि स्थानीय समीकरणों के हिसाब से मंत्री व विधायक अपने अपने समर्थक को बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

ये हैं मजबूत दावेदार

दावेदारों की फेहरिस्त में राऊ विधानसभा से विजेंद्र जाट, अजय यादव व आशीष साल्वी का नाम है तो सांवेर से अजय पंवार, अंतिम ठाकुर और दिलीप दरबार प्रमुख हैं। महू से जयश्री पाटीदार के अलावा महेश यादव व क्रांति वर्मा भी दावेदारी कर रहे हैं। इसके अलावा देपालपुर से अश्विन चौधरी और विकास ठाकुर का नाम भी सामने आया है। बताते हैं कि दावेदार तो और भी थे, लेकिन उम्र के पैमाने में वे बाहर हो गए।

देपालपुर और राजपूत पर संकट

भाजपा की रीति नीति के हिसाब से देपालपुर विधानसभा और राजपूत समाज से अध्यक्ष के दावेदार खुद ब खुद कमजोर हो जाएंगे। पार्टी के बाद सबसे मजबूत इकाई युवा मोर्चा को माना जाता है और भाजपा जिला अध्यक्ष जिस विधानसभा व समाज से आता है उसको छोड़कर संतुलन बनाने के लिए दूसरी विधानसभा व समाज से बनाया जाता है। चावड़ा राजपूत होकर देपालपुर विधानसभा से आते हैं। इस वर्ग के सारे दावेदारों के दावे कमजोर हो गए।