
Abu Dhabi Direct Flight
Indore Abu Dhabi Flight-इंदौर से शुरू हुई नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान ने यात्रियों को सिर्फ विदेश जाने की सुविधा ही नहीं दी, बल्कि किराए के मामले में भी राहत पहुंचानी शुरू कर दी है। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहले दिन रवाना हुई इंदौर-अबू धाबी सीधी उड़ान का शुरुआती किराया करीब 12,500 रुपए रहा। खास बात यह है कि इसी अवधि में इंदौर से गोवा की सीधी उड़ान के लिए यात्रियों को करीब 18 हजार रुपए तक खर्च करने पड़े। यानी लोकप्रिय घरेलू पर्यटन स्थल गोवा की तुलना में अबूधाबी का सफर लगभग 5,500 रुपए सस्ता पड़ रहा है।
ऑनलाइन बुकिंग पोर्टलों पर भी इंदौर-अबू धाबी उड़ान का शुरुआती किराया 12 से 13 हजार रुपए के बीच दिखाई दे रहा है। विमानन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि नई उड़ान शुरू होने के शुरुआती चरण में एयरलाइंस यात्रियों को आकर्षित करने के लिए प्रमोशनल किराया तय करती हैं। यही वजह है कि फिलहाल अबूधाबी का किराया काफी प्रतिस्पर्धी है। हालांकि आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढऩे और सीटों की मांग बढ़ने के साथ किराए में बदलाव संभव है।
इंदौर से अबूधाबी के लिए उड़ान सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7.50 बजे रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9.35 बजे पहुंचेगी। रविवार को यह उड़ान एक घंटे देरी से संचालित होगी। वापसी में अबू धाबी से सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रात 10.35 बजे (यूएई समय) उड़ान भरकर भारतीय समयानुसार रात 3.20 बजे इंदौर पहुंचेगी। रविवार को वापसी की उड़ान भी एक घंटे विलंब से संचालित होगी।
प्रदेश सरकार की नई विमानन नीति भी इस उड़ान को किफायती बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। नीति के तहत सरकार एयरलाइंस को प्रत्येक उड़ान पर 15 लाख रुपएतक की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। इससे एयरलाइंस को शुरुआती दौर में कम किराया रखने में मदद मिल रही है। ट्रैवल एजेंटों के अनुसार इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू होने से यूएई जाने वाले व्यापारियों, पर्यटकों, नौकरीपेशा लोगों और वहां रहने वाले प्रवासी भारतीयों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब उन्हें दिल्ली या मुंबई होकर यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। यही कारण है कि फिलहाल कई घरेलू पर्यटन स्थलों की तुलना में अंतरराष्ट्रीय गंतव्य अबू धाबी का किराया अधिक आकर्षक नजर आ रहा है।
Updated on:
18 Jul 2026 04:47 pm
Published on:
18 Jul 2026 04:47 pm
