इंदौर

जमानत के बाद सोनम रघुवंशी के भाई ने किया 2 करोड़ रुपये की हेराफेरी का दावा

Raja Raghuvanshi Murder Case : सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद अपने ऊपर लग रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि पूरा मामला 2 करोड़ रुपये की हेराफेरी से जुड़ा हो सकता है।

2 min read
Apr 29, 2026
Sonam Raghuvanshi bail
Sonam Raghuvanshi

Raja Raghuvanshi Murder Case : मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि देश के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत (Sonam Raghuvanshi bail) मिलने के बाद एक बार फिर ये मामला सुर्खियों में है। सोनम रघुवंशी पति राजा रघुवंशी की हत्या (Raja Raghuvanshi murder case) के आरोप में बीते कई महीनों से शिलांग जेल (Shillong Jail) में बंद थी, जो कोर्ट से जमानत मिलने के बाद अब जेल से बाहर आ गई है। इसी बीच अब सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद की तरफ से एक ऐसा दावा किया गया है जिससे मामले में नया मोड़ आ सकता है।

सोनम के भाई ने किया बड़ा दावा

सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने राजा रघुवंशी के परिजनों की तरफ से लगाए जा रहे जांच को प्रभावित करने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। साथ ही गोविंद ने कहा कि सोनम को जो जमानत मिली है उसमें उसकी कोई भूमिका नहीं है। मुझे खुद इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया के माध्यम से ही मिली है। इसके साथ ही गोविंद ने एक नया खुलासा करते हुए दावा किया कि ‘राज’ नाम के व्यक्ति ने उनके यहां से करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये का गबन किया था। गोविंद का कहना है कि ये पूरा मामला उसी के द्वारा तैयार की गई साजिश का हिस्सा हो सकता है। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोनम को शर्तों के साथ मिली है जमानत

यहां ये भी बता दें कि राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ जमानत दी है। शर्तों के मुताबिक सोनम जमानत मिलने के बाद शिलांग जिले की सीमा में ही रहेगी और उसे समय-समय पर कोर्ट में पेश होना होगा। साप्ताहिक रूप से थाने में हाजिरी लगानी होगी। सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के बाद उसके भाई गोविंद ने साफ-साफ ये भी कहा है कि सोनम के इंदौर आने की कोई योजना नहीं है।

हनीमून पर हुई थी राजा रघुवंशी की हत्या

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की 11 मई को सोनम से शादी हुई थी। 20 मई को वे हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। 24 मई को राजा-सोनम से परिवार का संपर्क टूट गया। 27 मई से दोनों की सर्चिंग शुरू हुई और सर्चिंग के दौरान 2 जून को खाई में राजा का शव मिला। 3 जून को राजा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि पेड़ काटने वाले हथियार से उनकी हत्या की गई थी। सोनम लापता थी जिसके कारण उसकी सर्चिंग जारी रही लेकिन 9 जून को सोनम रघुवंशी यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे पर पुलिस को मिली। शिलांग पुलिस ने सोनम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जिसमें सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और अन्य लोगों के साथ मिलकर राजा की हत्या का खुलासा किया था। पुलिस ने सोनम सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

Published on:
29 Apr 2026 08:04 pm