IPL 2021: सिद्धार्थ मनिमारन के चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने कुलवंत खेजरोलिया को उनकी जगह टीम में शामिल किया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के दूसरे चरण का आगाज 19 सितंबर से होने जा रहा है। सभी टीमें टूर्नामेंट की तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं दूसरे चरण से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम को झटका लगा है। दरअसल, टीम के युवा स्पिनर सिद्धार्थ मानिमारन आईपीएल से बाहर हो गए हैं। वह पूरे टूर्नामेंट में ही नहीं खेल पाएंगे। जल्द ही वे भारत लौटेंगे। सिद्धार्थ मनिमारन के चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने कुलवंत खेजरोलिया को उनकी जगह टीम में शामिल किया है। दिल्ली कैपिटल्स से पहले सिद्धार्थ कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे लेकिन वहां उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था और टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
ट्रेनिंग के दौरान लगी चोट
युवा स्पिनर सिद्धार्थ मनिमारन को ट्रेनिंग के दौरान चोट लगी थी। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ जल्द ही यूएई से वापस भारत लौट जाएंगे। बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ नेट प्रैक्टिस के दौरान अहम भूमिका निभाते हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने सिद्धार्थ को बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। हालांकि सिद्धार्थ को अब तक आईपीएल में डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया है। इस बार उनके पास दिल्ली की तरफ से दूसरे चरण में खेलने का मौका था लेकिन चोट लगने की वजह से वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
टी20 में 6 मैचों में लिए 16 विकेट
तमिलनाडु के खिलाड़ी सिद्धार्थ मनिमारन ने अब तक 4 फर्स्ट क्लास, 2 लिस्ट ए और 6 टी20 मैच खेले हैं। सिद्धार्थ को टी20 का स्पेशलिस्ट गेंदबाज माना जाता है। उन्होंने अब तक 6 टी20 मैचों में 6.81 के इकॉनमी रेट के साथ 16 विकेट हासिल किए हैं। वहीं अब उनके पास खुद को आईपीएल में साबित करने का मौका था लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।
19 सितंबर से शुरू होंगे आईपीएल के मैच
आईपीएल 2021 के पहले चरण में 29 मुकाबले खेले गए थे। इसके बाद कोरोना के मामले आने से 4 मई को इस टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया। अब दूसरे चरण में बचे हुए 31 मैच यूएई में खेले जाएंगे। दूसरे चरण की शुरुआत 19 सितंबर से शरू होंगे। वहीं फाइनल मुकाबला 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।