पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी बीसीसीआई के फैसले का समर्थन किया है। शोएब अख्तर ने कहा कि महामारी के समय तमाशा नहीं किया जा सकता है।
आईपीएल की चार टीमों में कोरोना संक्रमण फैलने और कुछ खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद बीसीसीआई ने टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया है। कई खिलाड़ी आईपीएल 2021 को स्थगित करने के फैसले का समर्थन कर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी बीसीसीआई के फैसले का समर्थन किया है। शोएब अख्तर ने कहा कि महामारी के समय तमाशा नहीं किया जा सकता है। बता दें कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को आईपीएल के 2021 सीजन को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का फैसल किया।
एक साल पैसा नहीं कमाया तो मुसीबत नहीं आ जाएगी
शोएब अख्तर ने अपने यू ट्यूब चैनल पर कहा कि इस समय हिंदुस्तान में राष्ट्रीय आपदा आई हुई है। भारत में हर दिन कोरोना के लाखों केस आ रहे हैं और हर दिन करीब 10 से 12 हजार लोग मर रहे हैं। ऐसे समय में आईपीएल नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने कहा कि खेल तमाशा नहीं हो सकता। आईपीएल में लोग 2008 से ही खूब पैसा बना रहे हैं। अगर एक साल पैसा नहीं कमाया तो कोई मुसीबत नहीं आ जाएगी।
पीएसएल का बायो बबल भी फ्लॉप रहा
साथ ही पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि यह राष्ट्रीय आपदा है। साथ ही उन्होंने बताया कि हमने पीएसएल में बायो बबल बनाया जो फ्लॉप रहा। हिन्दुस्तान ने बायो बबल बनाया और वह भी फ्लॉप रहा। यह समय लोगों की जान बचाने का है। इसकी जगह कोई अन्य दूसरी बात नहीं हो सकती। बीसीसीआई ने आईपीएल को स्थगित करके सही फैसला लिया है।
आईपीएल में ये लोग हुए कोरोना संक्रमित
बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) काशी विश्वनाथन, गेंदबाजी कोच लक्ष्मीपति बालाजी, बल्लेबाजी कोच माइक हसी टीम बस का क्लीनर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके अलावा मंगलवार को ही सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋिद्धिमान साहा और दिल्ली कैपिटल्स के लेग स्पिनर अमित मिश्रा और कोलकाता नाइट राइडर्स के वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज संदीप वारियर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।