
कोरोना के बढ़ते कहर की वजह इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन (IPL 2021) को स्थगित कर दिया गया है। बायो बबल का सुरक्षा चक्र टूटने के बाद कई खिलाड़ी संक्रमित हो गए थे। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को आपात गवर्निंग काउंसिल की बैठक में टूर्नामेंट स्थगित करने का मुश्किल फैसला लिया। बता दें कि इस सीजन में 29 मैच खेले गए थे। आईपीएल के स्थगित होने के बाद यह सवाल उठ रहा था कि इस सीजन के बचे हुए मैच कब कराए जाएंगे। आईपीएल के चेयरमैन ब्रजेश पटेल ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए बताया कि आईपीएल के बचे हुए 31 मुकाबलों को कब कराया जा सकता है।
टूर्नामेंट को स्थगित करना मुश्किल फैसला
एक चैनल से बात करते हुए बृजेश पटेल ने कहा कि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट को स्थगित करना बड़ा मुश्किल फैसला होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि लेकिन आईपीएल की चार टीमें कोरोना की चपेट में आ चुकी थी और कुछ खिलाड़ी भी इसमें शामिल थे। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के स्पोर्ट स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ऐसे में सिर्फ चार टीमें बची थीं। सिर्फ चार टीमों के टूर्नामेंट को तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ना मुश्किल था।
बताया कब हो सकते हैं बचे हुए मैच
बृजेश पटेल ने बताया कि पूरी स्थिति देखने के बाद यही निर्णय लिया गया कि फिलहाल इस टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया जाए और बचे हुए मैच बाद में कराए जाएं। जब बृजेश से पूछा गया कि टूर्नामेंट के बचे हुए मैच के लिए क्या योजना है। इसके जवाब में उन्होंने बताया कि इस सीजन के बचे हुए 31 मैच को या तो टी20 विश्व कप से पहले कराए जाएंगे या फिर उसके बाद। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कपस साल भारत में अक्टूबर-नवंबर में आयोजित होगा।
मैच वहीं से शुरू होंगे, जहां खत्म हुए हैं
साथ ही पटेल ने यह भी बताया कि इस सीजन के बचे हुए 31 मुकाबलों को जब कभी भी हम करा पाए कराएंगे, तो मैच वहीं से शुरू होंगे, जहां इस वक्त यह खत्म हुआ है। साथ ही उन्होंने बताया कि अभी समय की उपलब्धता देखनी होगी या तो आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले या फिर विश्व कप के बाद इसे कराया जा सकता है। बता दें कि आईपीएल 2021 का 30वां मैच केकेआर और आरसीबी के बीच सोमवार को होना था, लेकिन दो खिलाड़ियों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैच को टाल दिया गया।
Published on:
5 May 2021, 6:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.