जगदलपुर

Chhattisgarh Traffic Police: जगदलपुर में पहली बार ऐसी कार्रवाई! कानफाड़ू साइलेंसरों चला बुलडोजर, देखें Video

Pressure Horn Action: जगदलपुर में बस्तर पुलिस और यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 312 मॉडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को बुलडोजर से नष्ट कर दिया।

2 min read
Chhattisgarh Traffic Police
कानफाड़ू साइलेंसरों चला बुलडोजर (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Traffic: बस्तर पुलिस और यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए 312 मॉडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को बुलडोजर से नष्ट कर दिया। जगदलपुर के कोतवाली थाना परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत जब्त किए गए उपकरणों का सार्वजनिक रूप से नष्टीकरण किया गया। नष्ट किए गए सामान की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

Bastar News Today: कई महीनों से चल रहा था विशेष अभियान

यातायात पुलिस द्वारा पिछले कई महीनों से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था, जो अपनी बाइकों, विशेषकर बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर कानफाड़ू आवाज पैदा कर रहे थे। इसके अलावा नियमों के विपरीत लगाए गए प्रेशर हॉर्न पर भी कार्रवाई की जा रही थी। अभियान के दौरान पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त किए थे। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे इन सभी जब्त उपकरणों को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया।

जगदलपुर में पहली बार हुई ऐसी कार्रवाई

जगदलपुर नगर के इतिहास में यह पहली बार है जब मॉडिफाइड साइलेंसरों और प्रेशर हॉर्नों का सार्वजनिक रूप से नष्टीकरण किया गया। इस अनोखी कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मीडियाकर्मी कोतवाली परिसर पहुंचे। कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त सामान को नष्ट करना नहीं था, बल्कि नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश देना भी था।

ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती जारी रहेगी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि बस्तर पुलिस और यातायात पुलिस के संयुक्त प्रयास से पिछले कई महीनों से यह अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान 312 मॉडिफाइड साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न जब्त किए गए थे, जिनका शनिवार को नष्टीकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। इनके कारण ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को असुविधा होती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।

Bullet Modified Silencer: आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाएगी जो नियमों का उल्लंघन कर मॉडिफाइड साइलेंसर या अवैध प्रेशर हॉर्न का उपयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों और ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ताकि लोग स्वयं नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिले।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा स्वीकृत उपकरणों का ही उपयोग करें और मॉडिफाइड साइलेंसर या प्रेशर हॉर्न लगाने से बचें। पुलिस का मानना है कि सड़क पर अनुशासन और यातायात नियमों के पालन से ही सुरक्षित और शांत वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई को ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Published on:
13 Jun 2026 08:04 pm