
Bastar PDS Scam: छत्तीसगढ़ के बस्तर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन की कालाबाजारी का मामला एक बार फिर सामने आया है। खाद्य विभाग ने जगदलपुर के अनुपमा चौक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 बोरी पीडीएस चावल, 6 बोरी पीडीएस चना और एक ट्रक जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7.5 लाख रुपये आंकी गई है। लगातार तीन दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे बस्तर में सक्रिय राशन माफिया और अवैध नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं।
खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि भवानी चाट भंडार के पीछे स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में पीडीएस का चावल रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि राशन चावल को ट्रक क्रमांक CG 04 LC 9409 में लोड किया जा रहा था। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक और खाद्यान्न को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने करीब 186 क्विंटल पीडीएस चावल और 6 बोरी चना बरामद किया। मौके पर मौजूद ट्रक को सिटी कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाद्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि सरकारी राशन आखिर गोदाम तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्राथमिक पूछताछ में गोदाम संचालक मोहम्मद जिलानी ने दावा किया कि वह हाट-बाजार और फुटकर खरीदी के माध्यम से चावल खरीदकर व्यापारियों को बेचता था। हालांकि, विभाग उसके दावों की सत्यता की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को भी एक पिकअप वाहन से 80 बोरी पीडीएस चावल जब्त किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने संकेत दिया है कि बस्तर में राशन की कालाबाजारी संगठित तरीके से संचालित की जा रही है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यह मामला केवल छोटे कारोबारियों तक सीमित नहीं हो सकता। जांच के दौरान राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। यदि पूरे नेटवर्क की जांच नहीं हुई, तो गरीबों के हिस्से का राशन बाजार में बिकता रहेगा।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पीडीएस खाद्यान्न की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक घनश्याम राठौर, सहायक खाद्य निरीक्षक दिव्या रानी, पायल वर्मा सहित विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।