CG News: सीजीएमएसई ने खबर प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य मंत्री और उनके मंत्रालय को भ्रमित करने की कोशिश की। अस्पतालों में वैक्सीन नहीं थी और कहा गया कि वैक्सिन उपलब्ध है।
CG News: बस्तर में एंटी रेबीज वैक्सीन की कमी लंबे वक्त से बनी हुई थी। पत्रिका ने तीन दिन पूर्व इस पर एक खबर प्रकाशित की और बताया कि बस्तर के लोग डॉग बाइट के बाद बाजार से एंटी रेबीज वैक्सीन खरीदने को मजबूर हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य मंत्रालय हरकत में आया और अब बस्तर संभाग के सातों जिले में पर्याप्त संख्या में एंटी रेबिज के डोज पहुंच चुके हैं।
सात जिलों में कुल 19955 डोज की सप्लाई की गई है। खबर प्रकाशन के तत्काल बाद डोज खरीदी की प्रक्रिया शुरू की गई और जल्द से जल्द डोज अस्पतालों में पहुंचा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि खबर प्रकाशन के बाद सीजीएमएसई के जिम्मेदारों को फटकार पड़ी। इसके बाद सीजीएमएसई ने आनन-फानन में लोकल मार्केट से खरीदी करके सप्लाई को पूरा किया। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में अब वैक्सीन मिल चुके हैं। अब लंबे वक्त तक वैक्सीन की किल्लत किसी भी जिले में नहीं होगी।
सीजीएमएसई ने खबर प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य मंत्री और उनके मंत्रालय को भ्रमित करने की कोशिश की। अस्पतालों में वैक्सीन नहीं थी और कहा गया कि वैक्सिन उपलब्ध है। जबकि पत्रिका ने अपनी खबर के साथ संस्था की वेबसाइट का लाइव डाटा दे दिया था, जिसमें स्पष्ट रूप से 6 अगस्त की स्थिति में उपलब्धता शून्य दिख रही थी। सिर्फ दंतेवाड़ा के वेयर हाऊस में 10 वैक्सीन थे। स्वास्थ्य विभाग ने सीजीएमएसई की चालाकी को पकड़ा और तत्काल सप्लाई को सुचारू करवाया।
बस्तर: 3385
कांकेर: 828
बीजापुर: 2950
कोण्डागांव: 3004
सुकमा: 4980
दंतेवाड़ा: 1613
नारायणपुर: 3195
कुल : 19955
एक बार फिर पत्रिका बस्तर की आवाज बना है। वैक्सीन के अभाव में लोगों को 4500 रुपए तीन डोज के लिए खर्च करने पड़ रहे थे। अब जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने सप्लाई कर दी है तो डॉग बाइट के केस के बाद किसी भी अस्पताल में जाएंगे तो वैक्सीन मिल जाएगी। रेबिज का खतरा अब टल चुका है।