जगदलपुर

Anganwadi Recruitment: जगदलपुर आंगनबाड़ी में निकली भर्ती, इस तारीख तक करें ऑनलाइन आवेदन

Anganwadi Bharti:आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 2 पदों पर भर्ती निकली है। पात्र महिला उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Aug 2026, 6:23 PM IST
Anganwadi Recruitment
आंगनबाड़ी (PHoto Patrika)

Anganwadi Recruitment 2026: आंगनबाड़ी में नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। एकीकृत बाल विकास परियोजना तोकापाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना अधिकारी की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के एक-एक पद पर योग्य महिला उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए गए हैं। एकीकृत बाल विकास परियोजना तोकापाल के परियोजना अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। इसके तहत ग्राम पंचायत परपा के परपा केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक पद तथा ग्राम पंचायत बुरुंगपाल के गुर्राम केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका के एक पद पर योग्य महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

31 अगस्त तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन

भर्ती में शामिल होने की इच्छुक पात्र महिलाएं 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेजों को ई-भर्ती पोर्टल पर अपलोड करना होगा। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और दस्तावेज अपलोड करते समय किसी तरह की गलती न करें।

कार्यकर्ता पद के लिए शैक्षणिक योग्यता

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम 12वीं (या पूर्ववर्ती 11वीं बोर्ड) उत्तीर्ण होना आवश्यक है, हालांकि निर्धारित योग्यता वाली आवेदिका न मिलने की स्थिति में नियमों के तहत 10वीं, 8वीं, 5वीं अथवा सक्षम स्वीकृति से साक्षर महिला के चयन का शिथिलीकरण प्रावधान लागू रहेगा।

सहायिका पद के लिए शैक्षणिक योग्यता

वहीं आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए न्यूनतम 8वीं बोर्ड उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है। चयन प्रक्रिया के दौरान गरीबी रेखा परिवार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, विभागीय कन्या आश्रम की पूर्व छात्राओं तथा विधवा, परित्यक्ता व तलाकशुदा महिलाओं को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर अतिरिक्त अंकों व प्राथमिकता का लाभ भी दिया जाएगा। इच्छुक महिलाओं से समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की गई है।

केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी

यह पद पूर्णतः अशासकीय एवं मानसेवी श्रेणी के हैं, जिनके लिए शासन के नियमानुसार प्रतिमाह निश्चित मानदेय प्रदान किया जाएगा। इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी, जिनकी आयु सीमा विज्ञापन जारी होने की तिथि को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 44 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि सेवा की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष तय है। पूर्व में कार्य का अनुभव रखने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार 3 वर्ष तक की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही आवेदिका का उसी संबंधित ग्राम का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है, जिसके प्रमाण के रूप में अद्यतन मतदाता सूची, सरपंच-सचिव का संयुक्त प्रमाण पत्र अथवा पटवारी प्रतिवेदन मान्य होगा।

Updated on:
14 Aug 2026, 6:23 PM IST
Published on: