जगदलपुर

महतारी वंदन योजना: बस्तर जिले में ई-केवाईसी के बाद 15 हजार से ज्यादा नाम सूची से कटे, देखें आंकड़े

Mahtari Vandan Yojana Update News: महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के बाद बस्तर में 15 हजार से ज्यादा हितग्राहियों के नाम कम हुए। मृत, पलायन और अपात्र महिलाओं के साथ होल्ड खातों का भी हुआ सत्यापन।
2 min read
Aug 21, 2026
Mahtari Vandan Yojana
हितग्राहियों की संख्या (photo source- Patrika)

Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी ने हितग्राहियों की संख्या की वास्तविक तस्वीर सामने ला दी है। बस्तर जिले में ई-केवाईसी और सत्यापन की प्रक्रिया के बाद योजना के हितग्राहियों की संख्या 1,94,510 से घटकर 1,78,964 रह गई है। यानी अब तक 15,546 नाम योजना के आंकड़े से बाहर हो चुके हैं। यह कुल हितग्राहियों का करीब 8 फीसदी है। हटाए गए नामों में मृत महिलाओं के अलावा पलायन कर चुकीं, अपात्र और ऐसे हितग्राही शामिल हैं, जिनके खाते होल्ड की स्थिति में हैं। हालांकि, 31 अगस्त तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी रहने के कारण अंतिम आंकड़ा अभी बदल सकता है।

जिले से जुड़े प्रमुख आंकड़े

  • ई-केवाईसी से पहले हितग्राही- 1,94,510
  • वर्तमान हितग्राही- 1,78,964
  • कम हुए हितग्राही- 15,546
  • कुल कमी- करीब 8 फीसदी

मृत, पलायन और अपात्रों के नाम हटे

ई-केवाईसी के दौरान सामने आए आंकड़ों के अनुसार जिले में 5,731 मृत महिलाओं, 4,252 पलायन कर चुकी महिलाओं और 1,499 अपात्र महिलाओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं 4,064 खाते होल्ड पाए गए हैं। इन सभी को मिलाकर 15,546 हितग्राहियों की संख्या कम हुई है। इससे साफ है कि योजना के पुराने आंकड़ों में बड़ी संख्या में ऐसे नाम शामिल थे, जो वर्तमान में योजना का लाभ लेने की स्थिति में नहीं हैं।

नई पात्र महिलाओं की एंट्री पर फिलहाल रोक

योजना के आंकड़े में कमी का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि फिलहाल नई पात्र महिलाओं से आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। ऐसे में ई-केवाईसी के दौरान अपात्र और निष्क्रिय नाम हटने के बाद उनकी जगह नए पात्र हितग्राहियों की संख्या नहीं जुड़ रही है। यदि नई महिलाओं को जोडऩे की प्रक्रिया शुरू नहीं होती है तो आने वाले समय में योजना के कुल हितग्राहियों का आंकड़ा और नीचे जा सकता है।

31 अगस्त तक जारी रहेगी ई-केवाईसी

महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। योजना में लगातार मिल रही शिकायतों और हितग्राहियों के सत्यापन के उद्देश्य से यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। इसके बाद सत्यापन पूरा होने पर जिले में योजना से जुड़े हितग्राहियों की वास्तविक संख्या और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हटाए/अलग किए गए नाम

  • मृत महिलाएं - 5,731
  • पलायन कर चुकी महिलाएं - 4,252
  • अपात्र महिलाएं - 1,499
  • होल्ड खाते - 4,064
  • कुल - 15,546
Updated on:
21 Aug 2026 07:29 pm
Published on:
21 Aug 2026 07:29 pm