जगदलपुर

Anganwadi Recruitment: महिलाओं के लिए जबरदस्त मौका, आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए निकली भर्ती, इस तारीख तक करें आवेदन

Anganwadi worker recruitment: जगदलपुर के दरभा परियोजना क्षेत्र में 3 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती निकली है।
2 min read
आंगनबाड़ी केंद्रों में निकली भर्ती (photo source- Patrika)
आंगनबाड़ी केंद्रों में निकली भर्ती (photo source- Patrika)

Anganwadi Recruitment: जगदलपुर जिले के अंतर्गत आने वाली एकीकृत बाल विकास परियोजना दरभा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है, जिसके तहत चयन प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों में पदों की पूर्ति की जाएगी।

Anganwadi Recruitment: उम्मीदवारों को आवेदन पूरा करने की दी गई सलाह

जारी सूचना के अनुसार, ग्राम पंचायत छिन्दगुर और छिन्दावाड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक-एक पद भरे जाएंगे, जबकि ग्राम पंचायत अलवा में सहायिका के एक पद के लिए भर्ती की जाएगी। यह अवसर उन स्थानीय महिलाओं के लिए है, जो अपने ही क्षेत्र में रहकर समाज सेवा के साथ रोजगार प्राप्त करना चाहती हैं। इच्छुक महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। आवेदन 6 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 20 अप्रैल 2026 तक किए जा सकेंगे।

अभ्यर्थियों को निर्धारित आॅनलाइन पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ पर जाकर अपने आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है। आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक पात्रता शर्तें भी तय की गई हैं। आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही, यह अनिवार्य है कि वह उसी ग्राम पंचायत की निवासी हो, जहां संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है।

गरीबी रेखा के नीचे महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

Anganwadi Recruitment: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए कम से कम 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है, जबकि सहायिका पद के लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं कक्षा रखी गई है। हालांकि, यदि किसी केंद्र के लिए निर्धारित योग्यता वाली योग्य महिला उपलब्ध नहीं होती है, तो शासन के नियमों के अनुसार कम शैक्षणिक योग्यता रखने वाली महिलाओं के आवेदन पर भी विचार किया जा सकता है।

यह नियुक्तियां पूर्णतः मानसेवी और अशासकीय प्रकृति की होंगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को शासन द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सामाजिक संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा गया है। विधवा, परित्यक्ता तथा गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्हें अतिरिक्त अंक भी प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्ग की महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस भर्ती के माध्यम से न केवल आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरा जाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Updated on:
02 Apr 2026 03:16 pm
Published on:
02 Apr 2026 03:15 pm