जगदलपुर

कच्चे मकान की दीवार ढहने से छात्र की मौत, दादी घायल… पीएम के लिए 5 घंटे तक भटकते रहा परिवार

Big Incident: बस्तर जिले के अलनार गांव में बीती रात एक दुखद हादसे में कच्चे मकान की दीवार ढहने से 14 वर्षीय छात्र लोकेश नाग की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई।
less than 1 minute read
Sep 05, 2025
कच्चे मकान की दीवार ढहने से छात्र की मौत (फोटो सोर्स- पत्रिका)
कच्चे मकान की दीवार ढहने से छात्र की मौत (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Big Incident: बस्तर जिले के अलनार गांव में बीती रात एक दुखद हादसे में कच्चे मकान की दीवार ढहने से 14 वर्षीय छात्र लोकेश नाग की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की दादी चंपा नाग को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिवार वालों का दर्द उस वक्त बढ़ गया जब मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए परिवार को पांच घंटे तक भटकना पड़ा। तब जाकर 30 किमी दूर मेकाज में यह प्रक्रिया पूरी हुई।

रात ढाई बजे ढही दीवार

मिली जानकारी के अनुसार, 10 सदस्यों का परिवार चार कमरों के कच्चे मकान में सो रहा था। रात करीब 2.30 बजे दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में लोकेश नाग और उनकी दादी चंपा नाग दब गए। लोकेश पूरी तरह मलबे में दब गया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दादी को मलबे से अंदरूनी चोटें आईं। चंपा नाग ने अन्य परिजनों को जगाया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद लोकेश को मलबे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

पोस्टमार्टम के लिए पांच घंटे का इंतजार

घटना की सूचना सुबह नानगुर तहसील को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नानगुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण परिजनों को करीब 5 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। पोस्टमार्टम नहीं होने पर शव को मजबूरन डिमरापाल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांव में लोकेश का अंतिम संस्कार किया गया।

Published on:
05 Sept 2025 02:10 pm