IMD Weather Update: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बस्तर में तापमान 39-40°C तक पहुंच गया है। लू जैसे हालात से जनजीवन प्रभावित है, अस्पतालों में गर्मी से जुड़े मरीज बढ़ रहे हैं और जल संकट की आशंका भी गहराने लगी है।
Chhattisgarh Weather: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बस्तर अंचल में इस वर्ष अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जो सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने न केवल जनजीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया है, बल्कि स्वास्थ्य और जल व्यवस्था को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कामकाज का समय बदलकर सुबह और शाम कर दिया गया है।
हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर हीट वेव घोषित नहीं की गई है, लेकिन दोपहर के समय परिस्थितियां लू जैसी बन रही हैं। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ कम हो गई है। परिवहन और दैनिक गतिविधियों पर भी इसका असर देखा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान और मजदूर अब सुबह जल्दी और शाम को काम करने को मजबूर हैं, जिससे दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है।
तेज गर्मी का असर अब स्वास्थ्य सेवाओं में भी दिखने लगा है। अस्पतालों और क्लीनिकों में डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी और हीट एक्सहॉशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मौसम ज्यादा संवेदनशील है। पर्याप्त पानी न पीने और धूप में लंबे समय तक रहने से स्थिति गंभीर हो सकती है।
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
पानी, ओआरएस और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
पिछले पांच दिनों के आंकड़े तापमान में लगातार वृद्धि का संकेत दे रहे हैं। 10 अप्रैल को 38.2 डिग्री दर्ज किया गया अधिकतम तापमान 13 अप्रैल को 40.1 डिग्री तक पहुंच गया। 14 अप्रैल को मामूली गिरावट के साथ 39.8 डिग्री दर्ज हुआ, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ है।
न्यूनतम तापमान भी 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार यदि मौसमी परिस्थितियां इसी तरह बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है।