जयपुर

फिल्म स्टार प्रेम चोपड़ा के दिल का वाल्व बिना सर्जरी बदला, TAVI प्रक्रिया सफल, जयपुर के डॉक्टर ने दी नई जिंदगी

मुंबई के एक अस्पताल में बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता प्रेम चोपड़ा के दिल का वाल्व बदलने का TAVI उपचार सफलतापूर्वक किया गया। डॉक्टरों ने नॉन सर्जिकल तकनीक से उनका एओर्टिक वाल्व बदला।
less than 1 minute read
Dec 10, 2025
Prem Chopra, Prem Chopra operation, Prem Chopra heart valve, Dr. Ravindra Singh Rao, Actor Prem Chopra, Actor Prem Chopra News, Jaipur News, Rajasthan News
इलाज के बाद प्रेम चोपड़ा। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता प्रेम चोपड़ा के दिल का वाल्व बदलने का TAVI उपचार मुंबई के एक जाने-माने अस्पताल में सफल रहा। 90 वर्षीय चोपड़ा को पिछले कुछ समय से हार्ट के एओर्टिक वाल्व में गंभीर सिकुड़न की समस्या थी, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत और अत्यधिक कमजोरी महसूस हो रही थी।

उम्र अधिक होने और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी से बचने का निर्णय लिया और नॉन सर्जिकल तकनीक TAVI यानी ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन के माध्यम से वाल्व बदलने की प्रक्रिया अपनाई। यह उपचार जयपुर के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रवीन्द्र सिंह राव के नेतृत्व में किया गया।

अब तेजी से रिकवरी

इस प्रक्रिया में अभिनेता प्रेम चोपड़ा का एओर्टिक वाल्व बिना किसी जटिलता के सफलतापूर्वक बदला गया। डॉक्टरों के अनुसार प्रोसीजर के बाद उनकी स्थिति स्थिर रही और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। प्रेम चोपड़ा के दामाद और अभिनेता शर्मन जोशी ने सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रक्रिया पूरी तरह सफल रही और अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पिछले महीने हुए थे भर्ती

उन्होंने इलाज करने वाले डॉक्टरों डॉ. रवीन्द्र सिंह राव और डॉ. नितिन गोखले का आभार व्यक्त किया। परिवार की ओर से कहा गया कि दोनों विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और देखभाल की वजह से पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी। गौरतलब है कि प्रेम चोपड़ा को पिछले महीने अस्पताल में वायरल संक्रमण और उम्र से जुड़ी जटिलताओं के चलते भर्ती कराया गया था। अब वे घर लौट चुके हैं और डॉक्टरों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

Updated on:
10 Dec 2025 04:54 pm
Published on:
10 Dec 2025 04:47 pm