जयपुर

‘हमारा लाडला लौटा दो…’, MP के युवक का जयपुर में मर्डर, 3 छोटे-छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, पुलिस रिमांड पर आरोपी

Jaipur Murder Case: जयपुर में मध्यप्रदेश के वीरपुर निवासी बलवीर जाटव की मामूली विवाद के बाद हत्या कर दी गई। टाइल्स लगाने का काम करने वाले बलवीर की मौत से उसके तीन छोटे बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
2 min read
Jul 31, 2026
Gurjar Ki Thadi Jaipur Murder Case
पत्नी के साथ बलवीर और तीनों बच्चों की फाइल फोटो: पत्रिका

MP Man Beaten To Death In Jaipur: मध्यप्रदेश के वीरपुर क्षेत्र के सिखेड़ा गांव का 30 साल के बलवीर जाटव अब कभी अपने घर नहीं लौटेगा। रोज की तरह परिवार के बेहतर भविष्य के लिए मजदूरी करने निकला बलवीर मंगलवार शाम जयपुर में काम खत्म कर कमरे पर लौटने की तैयारी कर रहा था। लेकिन कुछ ही देर बाद हुई उसकी हत्या ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी। मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची तो मध्यप्रदेश के सिखेड़ा में मातम छा गया। बुधवार देर रात गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया।

परिजनों के मुताबिक बलवीर पिछले करीब एक साल से जयपुर में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। मृतक के बड़े भाई रामवीर जाटव ने बताया कि सूचना मिलते ही वह जयपुरिया अस्पताल पहुंचा जहां से डॉक्टरों ने बलवीर को एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रात करीब 12 बजे उसने दम तोड़ दिया।

3 मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बलवीर की शादी वर्ष 2019 में अरुणा से हुई थी। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, छह वर्षीय बेटा लव्यांश, चार वर्षीय बेटी साक्षी और डेढ़ वर्षीय आरवी। बड़ा बेटा पहली कक्षा में पढ़ता है और छोटी बेटी ने इसी साल स्कूल जाना शुरू किया है। बच्चों को शायद अभी ये भी समझ नहीं है कि उनका पिता अब कभी घर नहीं लौटेगा। पत्नी अरुणा का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा परिवार सदमे में है। बलवीर तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बुजुर्ग पिता प्रीतम जाटव और माता रामादेवी उसे परिवार का सबसे लाडला बताते थे। परिजन भी रोते-रोते बस यही बोल रहे थे 'हमारा लाडला लौटा दो।'

मजदूरी से चलता था पूरे परिवार का घर

बलवीर और उसका बड़ा भाई रामवीर जयपुर में टाइल्स लगाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इससे पहले बलवीर केरल में भी मजदूरी कर चुका था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने वाला बलवीर अब नहीं रहा जिससे पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के सामने आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

पुलिस बोली, तुरंत सूचना दें, पूरी सुरक्षा देंगे

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि दक्षिण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर आमजन उसी समय व्हाट्सऐप नंबर पर 9530424984 पर दें। मादक पदार्थ और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का मामला हो या फिर कोई अपराध होने पर सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। सूचना देने वाले को पूरी तरह से सुरक्षा भी देंगे। आमजन पुलिस कंट्रोल रूम 100 व 112 पर भी सूचना दे सकते हैं।

ये था पूरा मामला

मंगलवार शाम जयपुर की गुर्जर की थड़ी पर मामूली बात को लेकर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें बलवीर गंभीर घायल हो गया और उपचार के दौरान उसने रात एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि हत्या के मामले में गिरफ्तार मूल रूप से दिल्ली निवासी मनीष कुमार सौलंकी, अजमेर के अंबाबाड़ी निवासी रमजान अली और खैरथल के कोटकासिम निवासी रोहित यादव को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

Updated on:
31 Jul 2026 07:39 am
Published on:
31 Jul 2026 07:39 am