
बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाए (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
Jaipur Murder: राजधानी जयपुर में बदमाश बेखौफ है। अब गुर्जर की थड़ी स्थित शांतिनगर रोड पर एक युवक की सरेराह डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बनकर देख रहे हैं। युवक सड़क पर गिर गया, तब कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया और उसके साथी लोगों पर हमला करते हुए भाग गए। बाद में पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा। आरोपी नजदीक सुलभ शौचालय के पीछे शराब पार्टी कर रहे थे।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि मूल रूप से मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी 28 वर्षीय बलवीर सिंह जाटव की हत्या की गई। वह यहां मार्बल-टाइल्स लगाने का काम करता था। मंगलवार शाम को वह गुर्जर की थड़ी से अंडे लेकर जा रहे एक नाबालिग से टकरा गया। थैली में रखे अंडे टूट जाने पर नाबालिग ने साथियों को बुला लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बाद में बलवीर की एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुर्जर की थड़ी चौराहे पर शांतिनगर रोड स्थित शराब के ठेके पर रोजाना असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। नशे में धुत बदमाश आए दिन उत्पात मचाते हैं। कॉलोनियों की महिलाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं के साथ अभद्रता की घटनाएं होती रहती हैं।
मृतक के परिजन का आरोप है कि हत्या में शामिल बदमाश लंबे समय से शांतिनगर इलाके में गुंडागर्दी कर रहे हैं। लोग उनके सामने आने से भी डरते हैं। मृतक के भाई रामवीर ने हत्या के संबंध में मानसरोवर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
एसीपी हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि मूल रूप से दिल्ली निवासी मनीष कुमार सौलंकी, अजमेर निवासी रमजान अली व खैरथल के कोटकासिम निवासी रोहित यादव को गिरफ्तार किया है। मनीष व रमजान यहां गुर्जर की थड़ी स्थित बाबा रामदेव बस्ती में रहते हैं, जबकि रोहित सुल्तान नगर में रहता है। आरोपियों के नाबालिग साथी को निरुद्ध किया है।
Updated on:
30 Jul 2026 07:31 am
Published on:
30 Jul 2026 07:30 am
