
पंचायत-निकाय चुनाव में आरक्षण के लिए ओबीसी परिवारों का सर्वे पूरा। फोटो: एआई
जयपुर। पंचायत-निकाय चुनाव में आरक्षण के लिए ओबीसी परिवारों का सर्वे पूरा हो गया है। उन परिवारों को भी जानकारी ली गई है, जिनमें पहले चुनाव लड़ चुके हैं। ओबीसी परिवारों की संख्या 74.92 लाख से अधिक बताई जा रही है। ओबीसी (राजनीतिक) आयोग ने इस सर्वे के आधार पर आंकड़ों का विश्लेषण शुरू करवा दिया है। इस विश्लेषण के आधार पर आयोग पंचायतों व निकायों में ओबीसी आरक्षण के लिए रिपोर्ट पेश करेगा।
यह रिपोर्ट 5 अगस्त तक राजस्थान सरकार को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर ओबीसी परिवारों के लिए आरक्षण तय होगा। सूत्रों के अनुसार आयोग की रिपोर्ट के आधार पर उन परिवारों को प्राथमिकता दिलाई जाएगी, जिन्हें पहले कभी राजनीति में प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया। इसके लिए सर्वे में ऐसे परिवारों की जानकारी भी ली गई है, जिनके परिवारों से कभी भी कोई भी राजनीति में नहीं रहा।
प्रदेश में सितंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज करते हुए स्वायत्त शासन विभाग ने सभी जिला कलक्टरों को वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए अधिकृत कर दिया है। इस संबंध में विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य की 309 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। अधिसूचना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अग्रिम वर्ग की महिलाओं तथा महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से कराने का अधिकार भी संबंधित जिला कलक्टरों को दिया गया है।
ओबीसी (राजनीतिक) आयोग 5 अगस्त तक रिपोर्ट देगा। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर स्वायत्त शासन विभाग व पंचायती राज विभाग 15 अगस्त तक आरक्षण की लॉटरी निकालेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग 15 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। 15 नवम्बर तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इधर, निकाय और पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस ने संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला प्रभारियों और 200 विधानसभा क्षेत्र के समन्वयकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रदेशभर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। जिला प्रभारी अपने-अपने जिलों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। वहीं विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक भी स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिला स्तरीय बैठकों के बाद 1 से 3 अगस्त तक प्रदेशभर में 2200 मंडल और 400 ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के आधार पर सभी जिला प्रभारी 5 अगस्त को अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को सौंपेंगे। डोटासरा ने कहा कि जिला प्रभारी और विधानसभा समन्वयक कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के साथ चुनाव में जीत की संभावना रखने वाले संभावित उम्मीदवारों का आकलन भी करेंगे। इसके अलावा वे स्थानीय जनसमस्याओं और चुनावी मुद्दों पर जनता से संवाद कर संगठन की रणनीति को मजबूत करेंगे।
Updated on:
30 Jul 2026 07:54 am
Published on:
30 Jul 2026 07:53 am
