जयपुर

Sunny Deol Film : सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ पर विवाद, राजस्थान हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, अब 20 को नहीं होगी रिलीज

Sunny Deol Film : अभिनेता सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या - अंत से आरंभ तक’ पर विवाद। राजस्थान हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया और फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 8:33 PM IST
actor sunny deol film surya ant se aarambh tak release date postponed
Sunny Deol Film : अभिनेता सनी देओल। फाइल फोटो-ANI

Sunny Deol Film : जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने आगामी 20 नवंबर को रिलीज होने वाली अभिनेता सनी देओल की हिंदी फिल्म 'सूर्या अंत से आरंभ तक' के प्रदर्शन को लेकर अंतरिम निर्देश दिया है। न्यायाधीश समीर जैन ने स्पष्ट किया है कि सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से विधिवत प्रमाण पत्र जारी होने से पहले फिल्म का यूट्यूब, सोशल मीडिया सहित किसी भी डिजिटल या अन्य सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शन नहीं किया जाए। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के राजस्थान चैप्टर की ओर से दायर याचिका पर कोर्ट ने केंद्र सरकार सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर तय की है।

सिनेमैटोग्राफ के प्रावधानों के विपरीत - एसोसिएशन

याचिका में कहा है कि फिल्म 'सूर्या अंत से आरंभ तक' का प्रचार और उसकी सामग्री के अंश यूट्यूब तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जा रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा व अन्य का आरोप है कि फिल्म की सामग्री में मेडिकल एसोसिएशन और डॉक्टरों की छवि को धूमिल करने तथा उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने 22 और 23 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में सक्षम प्राधिकारियों को प्रतिवेदन देकर अपनी आपत्तियां जताई थीं। याचिका में कहा गया कि इन प्रतिवेदनों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई।

एसोसिएशन ने कहा कि ऐसी सामग्री के सार्वजनिक प्रदर्शन से डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों के प्रति लोगों में गलत धारणा और आक्रोश पैदा हो सकता है। याचिका में इसे सिनेमैटोग्राफ के प्रावधानों के विपरीत बताया गया।

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने याचिका का किया विरोध

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भारत व्यास ने याचिका का विरोध किया। उन्होंने इसे समयपूर्व बताते हुए कहा कि कानून के तहत गठित विशेषज्ञ समिति फिल्म का परीक्षण करेगी और सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता तथा नैतिकता सहित निर्धारित कानूनी मानकों के आधार पर निर्णय लेगी। आइएमए की ओर से दिए गए प्रतिवेदनों पर नियमानुसार और कानून के अनुरूप विचार किया जाएगा।

फिल्म की रिलीज टाल दी गई

इस बीच, सनी देओल की आने वाली फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को फिलहाल रिलीज से टाल भी दिया गया है और अब यह तय तारीख यानी 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। फिल्म निर्माता ने फैसला किया है कि जब तक फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से प्रमाण-पत्र नहीं मिल जाता, तब तक इसकी रिलीज रोक दी जाएगी।

Updated on:
16 Nov 2026, 8:33 PM IST
Published on: