जयपुर

अहमदाबाद विमान हादसा: राजस्थान का एक पूरा परिवार हादसे का शिकार, डॉक्टर फैमिली हो रही थी लंदन शिफ्ट

Ahmedabad Plane Crash: विमान हादसे में राजस्थान के दस लोग होने की पुष्टि, इनमें बांसवाड़ा के पांच, उदयपुर के चार और एक महिला यात्री बालोतरा जिले की
2 min read
Ahmedabad plane crash

जयपुर। Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान का एक पूरा परिवार भी शिकार हो गया। परिवार में कुल पांच लोग शामिल थे। जो लंदन जा रहे थे। अब तक हादसे में राजस्थान के कुल 10 जनों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें बांसवाड़ा के पांच, उदयपुर के चार और एक महिला यात्री बालोतरा जिले की रहने वाली है। इन दस लोगों में पांच बच्चे भी है। इनकी अभी तक कोई सूचना नहीं है।

उदयपुर से लंदन हो रहे थे शिफ्ट

अभी तक की जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार परिवार मूलत: बांसवाड़ा के रहने वाला था। परिवार में डॉ. प्रतीक जोशी और डॉ. कोमी व्यास पहले उदयपुर में ही कार्यरत थे। डॉ. प्रतीक ने वर्ष 2016 में लंदन शिफ्ट हो गए थे। जानकारी के अनुसार एक माह पूर्व डॉ. कामिनी जोशी ने भी उदयपुर मेडिकल कॉलेज से इस्तीफा देकर लंदन पति के पास जाने वाली थी।

जुड़वां बच्चे भी हादसे का शिकार

डॉक्टर दंपती अपने तीनों बच्चों बेटी मिराया जोशी, बेटे नकुल और प्रद्यूत जोशी के साथ हादसे वाले विमान से लंदन जा रहे थे। नकुल और प्रद्यूत जुड़वां भाई बताए जा रहे हैं। अभी परिवार की और जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन हादसे के बाद बांसवाड़ा में दोनों परिवारों और उदयपुर में मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर छा गई।

लंदन में डॉक्टर पति के पास जा रही थी खुशबू

बालोतरा जिले के अराबा दुदावता की रहने वाली खुशबू कंवर भी विमान में यात्रा कर रही थी। खुशबू का विवाह 18 जनवरी को हुआ था। खुशबु के पति विपुल सिंह राजपुरोहित लंदन में चिकित्सक है। शादी के बाद वह पहली बार लंदन जा रही थी। हादसे की जानकारी के बाद से पूरा गांव सदमे में है।

खुशबू कंवर राजपुरोहित: फोटो पत्रिका

उदयपुर के चार यात्री

वहीं हादसे वाले विमान में चार यात्री उदयपुर के भी है। जिनमें रुदेड़ा गांव के वरर्दी चंद्र मेनारिया और रोहिडा गांव के प्रकाश चंद मेनारिया है। इनके अलावा उदयपुर शहर के मार्बल व्यापारी पिंकू मोदी के दो बच्चे भी विमान में सवार थे। जिनके नाम शगुन मोदी और शुभ मोदी बताया जा रहा है। यह लंदन में पढ़ाई करते हैं। अभी इस संबंध में और कोई जानकारी नहीं मिली है।

श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक किशनाराम नाई के दोहिते अभिनव पडीहार की भी इस हादसे में मौत हो गई। नाना के मौत पर लंदन से बीकानेर आए थे और गुरुवार को वापस जा रहे थे।

Updated on:
12 Jun 2025 09:17 pm
Published on:
12 Jun 2025 06:49 pm