जयपुर

अलविदा जुम्मा : जयपुर की जामा मस्जिद में उमड़ी भीड़, अमन-खुशहाली के लिए उठे हाथ

Alvida Jumma: रमजान के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुम्मे पर जयपुर की जामा मस्जिद समेत शहर की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।
less than 1 minute read
Mar 13, 2026
Ramadan
अलविदा जुम्मे की नमाज अदा करते हुए। फोटो- पत्रिका

जयपुर। पवित्र माह-ए-रमजान के आखिरी शुक्रवार ‘अलविदा जुम्मा’ पर गुलाबी नगरी की मस्जिदों में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद समेत विभिन्न मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज अदा कर देश-प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

मदद का संदेश दिया

जयपुर के परकोटा क्षेत्र, जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद सहित शहर की बड़ी और छोटी मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ जुटने लगी थी। नमाज के समय तक मस्जिदें पूरी तरह भर गईं और आसपास की सड़कों पर भी बड़ी संख्या में लोग इबादत में शामिल हुए। नमाज के दौरान रोजेदारों ने रमजान की बरकतों को याद करते हुए आपसी भाईचारे, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया।

पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

नमाज से पहले उलेमाओं ने रमजान के महत्व पर रोशनी डालते हुए कहा कि यह महीना सब्र, इबादत और इंसानियत की सेवा का पैगाम देता है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील भी की। अलविदा जुम्मे के अवसर पर प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।

सुरक्षा के विशेष इंतजाम

भीड़ को देखते हुए जौहरी बाजार और आसपास के इलाकों में वाहनों का आवागमन कुछ समय के लिए बंद रखा गया और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अलविदा जुम्मे की नमाज के साथ ही शहर में ईद-उल-फितर के स्वागत की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में बाजारों में सेवइयां, कपड़ों और इत्र की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है, जिससे शहर में त्योहार की रौनक और बढ़ेगी।

Updated on:
13 Mar 2026 06:04 pm
Published on:
13 Mar 2026 05:25 pm