जयपुर

Jaipur Crime: अनु मीणा सुसाइड केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, पति गौतम मीणा को हिरासत में लिया

जयपुर के चर्चित अनु मीणा सुसाइड केस में जांच ने नया और अहम मोड़ ले लिया है। पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के आरोपों के बीच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता गौतम मीणा को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, बच्चों के बयान और डिजिटल साक्ष्य अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के केंद्र में हैं।
2 min read
Jun 04, 2026
Anu Meena Suicide Case
अनु मीणा सुसाइड मामला (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजधानी के चर्चित अनु मीणा सुसाइड मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए उसके पति और लोक निर्माण विभाग (PWD) में अधिशासी अभियंता (XEN) पद पर कार्यरत गौतम मीणा को हिरासत में ले लिया है। मामले में दर्ज शिकायत और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मानसरोवर थाना पुलिस आरोपी पति से गहन पूछताछ कर रही है। जांच के बाद गौतम मीणा की गिरफ्तारी को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।

मानसरोवर एसीपी आदित्य काकड़े के अनुसार, गुरुवार सुबह गौतम मीणा को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया। पुलिस आत्महत्या से पहले की परिस्थितियों, दांपत्य संबंधों और सामने आए डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।

सीसीटीवी फुटेज और बच्चों के बयान बने जांच का अहम हिस्सा

जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। इन वीडियो में पति-पत्नी के बीच विवाद और कथित दुर्व्यवहार के दृश्य सामने आने की बात कही जा रही है। यही नहीं, दंपति के बच्चों ने भी अपने बयानों में पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चों का दावा है कि घर में अक्सर विवाद होता था और उनकी मां को मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों के गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि गौतम मीणा का एक घरेलू महिला कर्मचारी के साथ संबंध था, जिसे लेकर घर में तनाव बढ़ गया था। इसके बाद अनु मीणा को लगातार मानसिक दबाव और परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

अप्रैल में हुई थी अनु मीणा की मौत

अनु मीणा ने 17 अप्रैल को अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद उनके परिजनों ने गौतम मीणा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था। इस मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब कुछ वीडियो और डिजिटल सामग्री सामने आई, जिनमें दंपति के बीच विवाद के संकेत मिले।

पति ने आरोपों से किया था इनकार

मामले में घिरने के बाद गौतम मीणा ने सार्वजनिक रूप से अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था। उनका कहना था कि उन्होंने कभी अपनी पत्नी को आर्थिक या अन्य किसी कारण से परेशान नहीं किया। उन्होंने दावा किया था कि उनकी अधिकांश संपत्ति पत्नी के नाम थी और बच्चों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि घटना वाले दिन उनकी पत्नी से बातचीत हुई थी।

फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
04 Jun 2026 04:03 pm
Published on:
04 Jun 2026 04:03 pm