जयपुर

जवाई बांध : बहुत तेजी से आ रहा पानी, यही रफ्तार रही तो इसी सप्ताह दसवीं बार छलक जाएगा बांध

Jawai Dam : पाली जिले के जवाई बांध के गेट खुलने की बात की जाए तो पिछले वर्ष आज ही दिन यानी 10 सितम्बर को सुबह नौ बजे दो गेट खोले गए थे।
2 min read
Sep 10, 2024
Feature image

जयपुर। पश्चिम राजस्थान के पाली जिले में स्थित सबसे बड़े बांध जवाई बांध में बहुत तेजी से पानी आ रहा है। इलाके की नदियां पूरी तरह से उफान पर हैं। पिछले 12 घंटे में करीब ढाई फीट पानी आ गया है। जवाई बांध में पानी आने की यही रफ्तार रही तो बांध इसी सप्ताह में दसवीं बार छलक जाएगा।
जवाई बांध जलग्रहण क्षेत्र में देर रात से तेज बारिश का दौर बना हुआ है। मूसलाधार बारिश हो रही है। इस कारण बांध में बहुत ही तेजी से पानी की आवक बनी हुई है।

इस रफ्तार से आ रहा पानी
जवाई बांध का गेज मंगलवार सुबह 43.30 फीट था। वहीं यह 12 बजे अचानक गेज बढ़ते हुए 45.50 फीट तक जा पहुंचा। दोपहर एक बजे तक बांध का गेज 46 फीट को छू गया है। बांध की भराव क्षमता 61.25 फीट है।

सहायक नदियों में उफान
जवाई बांध की सहायक नदियां भी पूरे वेग के साथ बह रही हैं। जवाई बांध में बढ़ते गेज को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिकारी पूरी नजर बनाए हुए हैं।

क्या दसवीं बार खुलेंगे जवाई के गेट
जवाई बांध में लगातार पानी आ रहा है। बांध का निर्माण 1956 में पूर्ण हो गया था। बांध में 13 गेट हैं। बांध अपने निर्माण से लेकर अब तक नौ बार लबालब हो चुका है। पिछले साल भी बांध के गेट खोले गए थे। बांध भरने से पाली, जालोर व सिरोही जिले में पेयजल की किल्लत नहीं रहती है।अभी मानसून सक्रिय है। बांध के भरने की उम्मीदों से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

पिछले साल आज के ही दिन खुले थे गेट
पाली जिले के जवाई बांध के गेट खुलने की बात की जाए तो पिछले वर्ष आज ही दिन यानी 10 सितम्बर को सुबह नौ बजे दो गेट खोले गए थे। सात साल बाद जवाई के गेट खुलने से पूरे पश्चिम राजस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई थी।

Updated on:
10 Sept 2024 02:56 pm
Published on:
10 Sept 2024 02:56 pm