जयपुर

Panchayat Chunav: राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर डोटासरा का हमला, भजनलाल सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

भाजपा सरकार पर चुनाव टालने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ओबीसी सर्वे को बहाना बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर प्रक्रिया में देरी कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रही है।
less than 1 minute read
Feb 23, 2026
Panchayat elections, Rajasthan Panchayat elections, Rajasthan Panchayat elections update news, Panchayat elections latest news, Govind Singh Dotasara
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा शुरू से ही चुनाव टालने की रही है और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सर्वे को बहाना बनाया जा रहा है।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद करीब डेढ़ वर्ष तक ओबीसी सर्वे नहीं कराया। बढ़ते दबाव और आलोचना के बाद 9 मई 2025 को ओबीसी आयोग का गठन किया गया और रिपोर्ट के लिए तीन माह की समय-सीमा तय की गई।

चुनाव प्रक्रिया को टाला गया

उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्धारित अवधि में रिपोर्ट लेने के बजाय समय-सीमा बढ़ाकर नौ माह कर दी। इस दौरान जानबूझकर सर्वे रिपोर्ट और चुनाव प्रक्रिया को टाला गया। संवैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को 15 अप्रैल 2026 तक चुनाव कराने का निर्देश दिया है।

डोटासरा का दावा है कि ओबीसी आयोग को साढ़े नौ माह से अधिक समय हो चुका है और अब रिपोर्ट तैयार होने की जानकारी मिल रही है, फिर भी सरकार आयोग से रिपोर्ट जारी करने में विलंब करवा रही है। इससे केंद्र से मिलने वाली लगभग 3000 करोड़ रुपए की राशि भी अटक सकती है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इस मुद्दे को जन-जन तक ले जाएगी।

Published on:
23 Feb 2026 09:51 pm