
JDA Bulldozer Action: जयपुर: राजस्थान में अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का सख्त एक्शन जारी है। शनिवार दोपहर जयपुर पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सांगानेर इलाके में एक नामी हिस्ट्रीशीटर दंपती की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चला दिया। सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किए गए इस अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा के मुताबिक, जयपुर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराधियों और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सांगानेर के कृष्णा विहार निवासी आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर दंपती श्योराज सांसी और गुड्डी सांसी को चिह्नित किया गया था।
इन दोनों ने मकान नंबर-193 के आगे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पक्के-कच्चे निर्माण कर रखे थे और टीनशेड लगाकर आम रास्ते को ब्लॉक कर दिया था। इस वजह से गली में रहने वाले स्थानीय निवासी लंबे समय से काफी परेशान थे और डर के साए में जी रहे थे।
शनिवार दोपहर को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सांगानेर थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस जाब्ता और जेडीए के प्रवर्तन अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में जेडीए के बुलडोजर ने हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध निर्माण और टीनशेड को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया।
इस कार्रवाई के जरिए जयपुर पुलिस ने साफ मैसेज दिया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाती रहेगी।