
जयपुर। लीक के मुद्दे को लेकर सोमवार को जयपुर के गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ कुछ युवकों ने अभद्रता की और उनको थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और शांति भंग के आरोप में पांच युवकों कानोता हीरावाला निवासी रोहित शर्मा, अजय शर्मा, बगरू कुचावास निवासी राकेश गुर्जर, सीकर कुलदीप सिंह शेखावत व जोधपुर निवासी निकेत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवाओं में एक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष का भाई बताया जा रहा है। घटना के बाद जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मामला शांत होने के बाद सभा को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि परीक्षाओं के दौरान बार-बार तकनीकी और व्यवस्थागत समस्याएं सामने आती है, लेकिन चुनावों में ऐसी दिक्कतें दिखाई नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए देश में धार्मिक और सामाजिक विभाजन की राजनीति की जा रही है। दिपके ने 20 जून को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की भी घोषणा की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, संजय तथा नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे।
घटना के बाद दिपके ने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि उनके ऊपर शारीरिक हमला किया गया, लेकिन उनकी पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि वे गांधी और आंबेडकर के विचारों में विश्वास रखते हैं तथा शांति और संविधान के रास्ते पर संघर्ष जारी रखेंगे।
धरना स्थल पर दोपहर करीब 3 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शन और बहस का दौर चलता रहा। कई बार विवाद की स्थिति बनी। प्रदर्शन के दौरान शाम करीब 4:45 बजे अभिजीत दिपके शहीद स्मारक पहुंचे। समर्थकों ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें कंधों पर उठा लिया। इसी दौरान कुछ युवक उनके पास आए और अभद्रता कर थप्पड़ मार दिए। डीसीपी साउथ राजश्री राज ने बताया कि शांति भंग के आरोप में पांच युवाओं को गिरफ्तार किया गया है। उधर, गिरफ्तार युवाओं ने आरोप लगाया कि दिपके प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं को गुमराह कर रहे है।
शांतिपूर्वक प्रदर्शन था। भाजपा ने अपने गुंडे भेजे और प्रदर्शन को असफल करने की कोशिश की। जयपुर में पार्टी को प्यार मिला है। राष्ट्रीय संयोजक के साथ दुर्व्यवहार किया है, इस बारे में लीगल टीम से डिस्कस किया जा रहा है।
लोकतंत्र में किसी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जयपुर में एक पार्टी के प्रदर्शन में जो माहौल बिगड़ा उसके पीछे युवा मोर्चा से जुड़े लोग शामिल हैं। यह आंदोलन को दबाने की साजिश है।