जयपुर

Jaipur: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में आपस में भिड़े युवक, कई लोगों के फोन चोरी, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा रहा। प्रदर्शनकारी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते रहे। इस दौरान कई युवक आपस में भिड़ गए।

2 min read
Jun 15, 2026
CJP Protest Jaipur
CJP Protest Jaipur: शहीद स्मारक पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ युवक आपस में भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

शहीद स्मारक पर दोपहर से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। कई युवा हाथों में तिरंगा, संविधान की किताब और विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर लेकर पहुंचे। पोस्टरों पर 'पेपर लीक बंद करो', 'मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है' जैसे नारे लिखे हुए थे। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में शामिल हुईं।

एआईएसएफ के कार्यकर्ता भी शामिल

प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने डफली बजाकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। वहीं, पार्टी के स्वयंसेवकों ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का स्केच बनाते हुए 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' का संदेश भी लिखा।

आपस में भिड़े युवक, कई लोगों के फोन चोरी

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और एक युवक को एहतियातन हिरासत में ले लिया। इसी बीच कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी सामने आईं। इसके बाद मंच से लोगों को अपने मोबाइल और अन्य सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।

शहीद स्मारक पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए शहीद स्मारक परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर जयपुर पुलिस के अलावा आरएसी और निर्भया स्क्वॉड के जवान भी तैनात रहे। पुलिस प्रशासन ने पहले कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार किया था, लेकिन बाद में कुछ शर्तों के साथ प्रदर्शन की मंजूरी दी गई।

आशुतोष रांका बोले आगे भी होगा प्रदर्शन

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Updated on:
15 Jun 2026 06:07 pm
Published on:
15 Jun 2026 04:59 pm