
बेहोश हुए राजेंद्र गुढ़ा। फोटो- पत्रिका नेटवर्क
झुंझुनूं। इस्लामपुर गांव का नाम बदलने के विरोध में पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा सोमवार को ग्रामीणों के साथ करीब 22 किलोमीटर की पदयात्रा कर जिला मुख्यालय पहुंचे। कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान तेज गर्मी और धूप के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला तथा तौलियों से हवा कर और पानी के छींटे मारकर राहत पहुंचाई। पसीने से लथपथ गुढ़ा ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।
यह वीडियो भी देखें
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने धरनास्थल पर टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी, जिससे प्रदर्शनकारियों के लिए छाया की व्यवस्था नहीं हो सकी। गुढ़ा ने कहा कि जब उनके साथी धूप में बैठे हैं तो वे अकेले छांव में नहीं बैठ सकते। गौरतलब है कि इस्लामपुर का नाम यथावत रखने की मांग को लेकर गांव का प्रतिनिधिमंडल जयपुर पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष खलील बुडाना तथा फतेहपुर विधायक हाकम अली खान के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के सांसदों और विधायकों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि झुंझुनूं के इस्लामपुर गांव की स्थापना वर्ष 1622 ईस्वी में की गई थी तथा तब से लेकर आज तक गांव का नाम इस्लामपुर ही चला आ रहा है। इसमें बताया गया कि यह गांव किसी अन्य गांव का नाम बदलकर नहीं बसाया गया था, बल्कि इसकी अलग ऐतिहासिक पहचान रही है। गांव की आबादी करीब 16 हजार है, जहां हिन्दू-मुस्लिम समुदाय वर्षों से आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ रहते आए हैं। राजस्व रिकॉर्ड, पिन कोड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, शैक्षणिक दस्तावेज, ग्राम पंचायत, अस्पताल, विद्यालय सहित सभी सरकारी रिकॉर्ड इसी नाम से संचालित हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गांव का नाम बदलकर श्रीरामपुर करने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी है, जिसके विरोध में पिछले पंद्रह दिनों से सर्व समाज आंदोलन कर रहा है। बता दें कि विधायक राजेंद्र भांबू ने इस्लामपुर गांव का नाम बदलकर श्रीरामपुर करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दी और मुख्यमंत्री को एक सिफारिशी पत्र भेजा था। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस पर संज्ञान लेते हुए झुंझुनूं कलेक्टर को पूरे मामले की रिपोर्ट और फीडबैक भेजने के निर्देश दिए।
Published on:
15 Jun 2026 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
