जयपुर

चुनावी नतीजों पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास का बयान, कहा- एंटी इनकंबेंसी ने बदली सियासी तस्वीर

Election Results 2026: पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बीच कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने सियासी हालात पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में सत्ता विरोधी लहर के चलते जनता ने बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया है।

2 min read
May 04, 2026
Pratap Singh Khachariyawas
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों ने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। शुरुआती रुझानों और परिणामों के बीच जहां कुछ राज्यों में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर उभर रही है, वहीं इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इसी बीच राजस्थान के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए हैं।

यह वीडियो भी देखें

बंगाल-असम में भाजपा को बढ़त

मीडिया से बातचीत में खाचरियावास ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु के नतीजों में अलग-अलग संकेत मिल रहे हैं। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि केरल में कांग्रेस गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। तमिलनाडु को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां बदलाव की लहर के चलते नई सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जब जनता अपना फैसला सुना देती है तो उसे सभी को स्वीकार करना पड़ता है।

सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप

खाचरियावास ने इन राज्यों में सत्ता विरोधी माहौल को भी अहम कारण बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से एक ही दल की सरकार थी, केरल में भी लेफ्ट गठबंधन वर्षों से सत्ता में था और तमिलनाडु में भी लगातार एक ही राजनीतिक धारा का प्रभाव रहा। ऐसे में जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की बढ़त चिंता का विषय है और इसके दूरगामी असर पर विचार जरूरी है।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्यों में चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। खासकर पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भारी सुरक्षा बलों की तैनाती और चुनावी माहौल को लेकर कई सवाल उठते हैं। फिर भी उन्होंने माना कि अंतिम परिणाम को स्वीकार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी

असम और केरल के नतीजों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन असम में परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आए। वहीं केरल में कांग्रेस गठबंधन को लेकर उन्होंने सकारात्मक रुख जताया और इसे पार्टी के लिए राहत भरा बताया। राजस्थान की राजनीति पर इन चुनावों के असर को खारिज करते हुए खाचरियावास ने दावा किया कि प्रदेश की परिस्थितियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस मजबूत होकर उभरेगी और 2028 में राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में केंद्र की राजनीति में भी कांग्रेस की भूमिका मजबूत होगी।

Published on:
04 May 2026 03:26 pm