जयपुर

जयपुर में हुक्का बार पर पुलिस की रेड से मचा हड़कंप, भागने की फिराक में तीसरी मंजिल से गिरा कर्मचारी

Hookah Bar Raid: जयपुर कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने शहर में संचालित हो रहे अवैध हुक्का बार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान हड़कंप मच गया। ऐसे में एक कर्मचारी तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया।
2 min read
Mar 28, 2026
Crackdown on Illegal Hookah Bar in Jaipur Worker Falls from Third Floor Amid Chaos During Police Raid
टोंक रोड रेस्टोरेंट में हुक्का बार पर छापा, कर्मचारी तीसरी मंजिल से गिरा (पत्रिका फाइल फोटो)

Jaipur Hookah Bar Raid: जयपुर: टोंक रोड स्थित एक रेस्टोरेंट अप एंड अप में संचालित अवैध हुक्का बार पर शुक्रवार रात कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसमें मैनेजर सहित अधिकांश कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

इस दौरान पुलिस ने बांदीकुई निवासी कर्मचारी दिलीप सिंह गुर्जर को पकड़ लिया। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में दिलीप तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

घायल अवस्था में उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना को लेकर परिजन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप के भाई उपेंद्र का कहना है कि पुलिस ने पूछताछ के दौरान उसके भाई के साथ मारपीट की, जिससे बचने के लिए उसने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

परिजनों के आरोप पर पुलिस का दावा

वहीं, पुलिस का दावा है कि टीम दिलीप से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान वह बचने के लिए पाइप के सहारे नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और रेस्टोरेंट में अवैध हुक्का बार संचालन को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

हाल ही में पुलिस ने वैशाली नगर के शाशा कैफे पर की थी कार्रवाई

गुलाबी नगरी के पॉश इलाकों में रेस्टोरेंट और कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार्स पर जयपुर पुलिस ने अब अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने एक साहसिक डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम देते हुए गौतम मार्ग स्थित शाशा कैफे पर बड़ी कार्रवाई की थी।

इस पूरी कार्रवाई की कमान खुद थानाधिकारी आरती सिंह ने संभाली, जो खुद एक बोगस ग्राहक बनकर कैफे के अंदर दाखिल हुईं थी। अवैध गतिविधियों की पुष्टि होते ही पूरी टीम के साथ धावा बोल दिया।

ऐसे बिछाया था पुलिस ने जाल

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया, जयपुर शहर के कई क्लब और कैफे संचालक पुलिस की रेड से बचने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों और डबल-डोर सिक्योरिटी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सीधी दबिश देना चुनौतीपूर्ण था।
रणनीति के तहत SHO आरती सिंह साधारण कपड़ों में ग्राहक बनकर शाशा कैफे पहुंचीं।

अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई। कैफे की आड़ में सरेआम अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा था। जैसे ही अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई, उन्होंने बाहर तैनात पुलिस टीम को इशारा कर दिया।

24 लोग हुक्का पीते मिले

पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से कैफे में हड़कंप मच गया था। दबिश के दौरान कैफे की 12 अलग-अलग टेबलों पर 24 लोग हुक्का पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।

Updated on:
28 Mar 2026 07:53 am
Published on:
28 Mar 2026 07:53 am