जयपुर

पिता बोले- बेटी के फेरे हो जाने दो…बारात से पहले आ धमका बुलडोजर, जयपुर में JDA ने ढहा दिया विवाह स्थल का स्वागत द्वार

जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर JDA की बुलडोजर कार्रवाई से बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बारात आने से पहले विवाह स्थल का तोरण द्वार और दीवार ढहा दी गई। शाम को टूटी दीवार पर कनात लगाकर रस्में पूरी की गईं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 9:16 AM IST
jaipur new sanganer road jda bulldozer action
इनसेट में अमर सिंह किराड़ और न्यू सांगानेर रोड पर विवाह स्थल का प्रवेश द्वार ढहाता जेडीए का दस्ता (पत्रिका फोटो)

Jaipur New Sanganer Road JDA Bulldozer Action: हर पिता का सपना होता है कि वह अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करे। उसकी विदाई के दिन घर में खुशियां हों, मेहमानों की चहल-पहल हो और बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत यादगार बने। हाथरोई गढ़ी निवासी अमर सिंह किराड़ ने भी ऐसा ही सपना संजोया था। पाई-पाई जोड़कर बेटी की शादी की तैयारियां की थीं। इसके लिए न्यू सांगानेर रोड स्थित एक विवाह स्थल बुक कराया था। बुधवार शाम जोधपुर से बारात आनी थी, लेकिन सुबह करीब 11 बजे अचानक बुलडोजर पहुंच गए। देखते ही देखते शादी की खुशियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

सुबह अमर सिंह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ विवाह स्थल पहुंच चुके थे। हलवाई ने पकवान बनाने शुरू कर दिए थे। लॉन में कैटरर गणेशजी की प्रतिमा स्थापित कर प्लेटें सजाने में जुटा था। घोड़े भी पहुंच चुके थे। हर तरफ शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को इंतजार था तो बस बारात आने का। इसी बीच न्यू सांगानेर रोड पर सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए जेडीए की कार्रवाई शुरू हो गई। बुलडोजर विवाह स्थल की ओर बढ़ा तो अमर सिंह और उनके रिश्तेदारों के सामने मानो सारी खुशियां बिखरने लगीं। जिस जगह बेटी के फेरे होने थे, वहां तोड़फोड़ शुरू हो गई।

'बेटी के फेरे हो जाने दो…' हाथ जोड़कर लगाते रहे गुहार

राजस्थान धानका जनजाति एकता मंच के अध्यक्ष दौलतराम उदावत ने बताया कि अमर सिंह और उनके परिवार ने जेडीए अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर गुहार लगाई। परिवार की बस इतनी ही मांग थी कि बेटी के फेरे होने तक विवाह स्थल पर कार्रवाई रोक दी जाए। बारात आने वाली थी और शादी की रस्में पूरी होनी थीं, लेकिन उनकी गुहार का कोई असर नहीं हुआ।

पहले बुलडोजर से विवाह स्थल का तोरण द्वार ढहाया गया और फिर दीवार तोड़ दी गई। जिस प्रवेश द्वार से कुछ घंटे बाद बारात का स्वागत होना था, वहां मलबा बिखर गया। परिवार के लिए यह सिर्फ एक निर्माण का टूटना नहीं था, बल्कि महीनों से संजोई तैयारियों और उम्मीदों पर पानी फिरने जैसा था।

टूटी दीवार पर कनात लगाई, दूसरे गेट से आई बारात

कार्रवाई के बाद भी परिवार ने हिम्मत नहीं हारी। शाम को जब बारात पहुंचने का समय हुआ तो टूटी हुई दीवार पर कनात लगाकर जगह को संकुचित किया गया। बारात को विवाह स्थल के दूसरे गेट से प्रवेश कराया गया और किसी तरह शादी की रस्में पूरी की गईं।

दौलतराम उदावत ने आरोप लगाया कि जेडीए की कार्रवाई से एक गरीब पिता की बेटी की शादी का सपना बुरी तरह प्रभावित हुआ। उन्होंने सरकार से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

अन्य विवाह स्थलों और दुकानों पर भी चला बुलडोजर

न्यू सांगानेर रोड पर सिर्फ अमर सिंह के विवाह स्थल पर ही कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क सीमा में आ रहे अन्य विवाह स्थलों और निर्माणों को भी निशाना बनाया गया। कार्रवाई की आशंका के बीच कई दुकानदारों ने खुद ही अपनी दुकानों के शटर और गलियों को उखाड़ना शुरू कर दिया।

कई महिलाएं अपनी दुकानों के सामने मायूस बैठी रहीं। किसी को रोजी-रोटी छिनने की चिंता थी तो किसी को वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई दुकान उजड़ने का दुख। करीब आठ घंटे तक चली जेडीए की कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। बुलडोजर के साथ कई लोगों के सपने भी मलबे में तब्दील होते नजर आए।

Updated on:
19 Nov 2026, 9:16 AM IST
Published on: