जयपुर

Rajasthan: कांग्रेस आलाकमान ने ममता भूपेश को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, इस विभाग का बनाया चेयरपर्सन

Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश को अनुसूचित जाति (SC) विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त किया है।
2 min read
Aug 21, 2025
Mamta Bhupesh
(राजस्थान पत्रिका फाइल फोटो)

Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश को अनुसूचित जाति (SC) विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद ममता भूपेश ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उनकी नियुक्ति को कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पार्टी दलित समुदाय के बीच अपनी पैठ मजबूत करना चाहती है।

इसके बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश ने आलाकमान का धन्यवाद करते हुए लिखा कि कांग्रेस SC विभाग राजस्थान का चेयरपर्सन का दायित्व देकर मुझ पर विश्वास जताने के लिए शीर्ष नेतृत्व का हार्दिक आभार व धन्यवाद। राजस्थान, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी और जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान लोकतंत्र और जनाधिकार बचाने की लड़ाई में सहभागी है।

कौन हैं ममता भूपेश?

बता दें, ममता भूपेश राजस्थान की सियासत में एक जाना-माना नाम हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। ममता ने 2018 के विधानसभा चुनाव में सिकराय सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार विक्रम बंसीवाल को 33,783 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया था।

हालांकि, 2023 के विधानसभा चुनाव में स्थिति पलट गई और विक्रम बंसीवाल ने ममता भूपेश को लगभग 9,000 वोटों से हरा दिया। ममता भूपेश को सियासी गलियारों में बीजेपी की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की हमशक्ल के रूप में भी पहचान मिली है।

देहदान की घोषणा से मिली थी चर्चा

बताते चलें कि ममता भूपेश हाल ही में अपने 50वें जन्मदिन पर मृत्युपरांत देहदान की घोषणा करके सुर्खियों में आई थीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वे अपने शरीर के प्रत्येक अंग को दान करेंगी, ताकि मृत्यु के बाद भी समाज की सेवा हो सके। इस घोषणा के बाद राजनीतिक हलकों में उनकी सराहना हुई। ममता भूपेश के पति डॉ. घनश्याम बैरवा एक वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं, जो उनकी सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता में सहयोगी रहे हैं।

Updated on:
21 Aug 2025 07:22 pm
Published on:
21 Aug 2025 07:22 pm