जयपुर

Rajasthan : ईरान इजराइल युद्ध के बीच राजस्थान के लिए अच्छी खबर, रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 पर आया नया अपडेट

Rajasthan : विश्वभर में युद्ध जैसे हालातों के बीच राजस्थान के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को दिल्ली में सीएम भजनलाल शर्मा की मुलाकात हुई है। जिसे रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास से जोड़कर देखा जा रहा है।
2 min read
Good news for Rajasthan amid Iran-Israel war Pachpadra Refinery and Jaipur Metro Phase-2 New update
पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

Rajasthan : विश्वभर में युद्ध जैसे हालातों के बीच राजस्थान के लिए अच्छी खबर है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही प्रदेश की रिफाइनरी का उद्घाटन हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को दिल्ली में सीएम भजनलाल शर्मा की मुलाकात हुई है। इस मुलाकात को रिफाइनरी के उद्घाटन और जयपुर मेट्रो फेज-दो के शिलान्यास से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के चहुंमुखी विकास और केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।

ऊर्जा और शहरी नियोजन पर मनोहर लाल से चर्चा

सीएम भजनलाल ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर प्रदेश में ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों के क्रम में हरित ऊर्जा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ ही प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

राजस्थान में नए एयरपोर्ट निर्माण की उम्मीद

सीएम भजनलाल ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण, भरतपुर-डीग व सीकर-झुंझुनूं में नए हवाई अड्डों की संभावनाओं के अध्ययन तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में उड़ानों की निरंतरता बनाए रखने पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानपुर (आबू राज) एवं बांसवाड़ा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा राज्य में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में व्यापक विस्तार के संबंध में अनुरोध भी किया।

एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के बारे में जानें

उम्मीद है कि इस बार बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड परियोजना की उद्घाटन हो जाएगा। पहले अगस्त 2025 के बाद जनवरी 2026 में रिफाइनरी चालू करने के दावे किए गए थे, लेकिन अब इसकी संभावित शुरुआत अप्रैल 2026 तक खिसक गई है।

प्रदेश की सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल पचपदरा रिफाइनरी को बालोतरा सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक विकास की धुरी माना जा रहा है। बालोतरा-पचपदरा से लेकर जोधपुर तक औद्योगिक विकास का खाका तैयार किया गया है। अब क्षेत्र के लोगों और निवेशकों की नजरें अप्रैल 2026 की संभावित शुरुआत पर टिकी हुई हैं।

रिफाइनरी के साथ ही प्रस्तावित विशाल पेट्रोकेमिकल जोन में 500 से अधिक उद्योग स्थापित होने की संभावना जताई जा रही है। जिससे करीब 20 से 25 हजार नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद थी। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग जैसे तकनीकी कोर्स करने वाले छात्र इसे बड़े अवसर के रूप में देख रहे थे। लेकिन अब उम्मीद की जा रही है कि निवेशकों और युवाओं की उम्मीदों को झटका नहीं लगेगा।

Updated on:
26 Mar 2026 08:31 am
Published on:
26 Mar 2026 08:21 am