
फाइल फोटो पत्रिका
LPG Crisis : देश में एलपीजी संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर रोजाना जारी हो रहे शेड्यूल ने गैस उपभोक्ताओं को असमंजस में डाल दिया है। मंगलवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उज्ज्वला गैस उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन और डबल सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए 35 दिन में सिलेंडर बुकिंग का नियम जारी किया गया था।
लेकिन इस नियम पर एक दिन बाद, बुधवार को, मंत्रालय ने यू-टर्न ले लिया और अपना स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि अब सिलेंडर बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्र में पहले की तरह ही 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन का समय तय रहेगा। सिलेंडर बुकिंग के लिए शहरी और ग्रामीण उज्ज्वला श्रेणी का अंतर समाप्त कर दिया गया है। राजस्थान में तैनात गैस कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, केन्द्र सरकार के आदेशों की पालना में सिलेंडर बुकिंग का नया आदेश जारी किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बुधवार को एलपीजी आपूर्ति पर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा ऑयल गैस मार्केटिंग कम्पनियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वीसी के माध्यम से ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति के संबंध में कोई समस्या नहीं है। प्रदेश में घरेलू रसोई गैस आपूर्ति के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को इस संबंध में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
सुमित गोदारा ने आमजन से भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों जनित वर्तमान स्थिति का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिन के अंदर गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है।
सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश में सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर रसोई गैस आपूर्ति हो रही है। उन्होंने गैस कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ओटीपी और डायरी में एंट्री किए बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत-प्रतिशत बंद हो ताकि फर्जी बुकिंग से होने वाले डाइवर्जन की पूर्णतया रोकथाम हो सके तथा उपभोक्ताओं को अधिकतम राहत मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर पर डिलीवर करने वाले हॉकर भी अपने आईडी कार्ड को डिलीवरी के दौरान नियमित रूप से पहने रखें।
वहीं दूसरी तरफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न जिलों में पीएनजी पाइपलाइन पहुंच चुकी है। जिन क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन के लिए पाइपलाइन विद्यमान है वहां प्राथमिकता से आमजन को पीएनजी कनेक्शन दिए जाए।
मीटिंग में बताया गया कि सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियों द्वारा लगातार कालाबाजारी, डाइवर्जन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को संपर्क पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निवारण 24 घंटे की समयसीमा के अंदर करने के सख्त निर्देश दिए।
Updated on:
26 Mar 2026 07:16 am
Published on:
26 Mar 2026 07:16 am
