जयपुर

Bulldozer Action: जयपुर में 120 से अवैध ढांचों पर चला ताबतोड़ बुलडोजर, होटल और शोरूम भी ध्वस्त, 8 घरों को मिली मोहलत

Rajasthan News: जयपुर के बी-2 बाइपास स्थित श्रीराम विहार कॉलोनी में राजस्थान आवासन मंडल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 से ज्यादा अवैध मकानों, होटल और शोरूम पर बुलडोजर चला दिया।

2 min read
May 25, 2026
अवैध निर्माणों पर मंडल की टीम करती कार्रवाई (फोटो: पत्रिका)

Illegal Encroachment Removed In Jaipur: जयपुर के बी-2 बाइपास स्थित श्रीराम विहार कॉलोनी में राजस्थान आवासन मंडल ने रविवार को दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 से अधिक अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। करीब 42 बीघा 10 बिस्वा सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए चलाए गए अभियान में होटल, इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम, बार और अन्य व्यावसायिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि आठ मकानों को फिलहाल मोहलत दी गई है।

ये भी पढ़ें

Ajmer News: बचत के लिए लगाया था सोलर, आ गया 40 लाख का बिल, कारण जानकर उड़ गए होश

दो दिन तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

आवासन मंडल की टीम ने शनिवार से शुरू हुई कार्रवाई को रविवार को भी जारी रखा। मंडल अधिकारियों के अनुसार श्रीराम विहार कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे किए गए थे। इस जमीन पर कई पक्के मकान, दुकानें, होटल और अन्य व्यावसायिक निर्माण खड़े कर दिए गए थे।

दूसरे दिन की कार्रवाई में टोंक रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम, होटल और एक बार को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई लोग अपने घरों और दुकानों से सामान निकालते नजर आए। प्रभावित परिवारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

8 मकानों को फिलहाल राहत

कार्रवाई के दौरान आवासन मंडल ने आठ मकानों को फिलहाल छोड़ दिया। अधिकारियों का कहना है कि ये मकान भी मंडल स्वामित्व वाली जमीन पर बने हुए हैं, लेकिन इनके खिलाफ विधिक प्रक्रिया अपनाने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। मंडल की ओर से क्षेत्र का सर्वे भी कराया जा रहा है।

राजस्थान आवासन मंडल के सचिव गोपाल सिंह ने बताया कि श्रीराम कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे किए गए थे। जिन मकानों में लोग वर्तमान में रह रहे हैं, उन्हें अभी छोड़ा गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस जाब्ता

कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी कराई गई।

इस दौरान मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय शर्मा, आवासीय अभियंता नरेंद्र शर्मा, आवासन बोर्ड कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मोहन सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द नाटाणी और महासचिव रमेश चंद शर्मा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

सामान समेटते नजर आए लोग

कार्रवाई के दौरान कई परिवार अपने घरों और दुकानों से सामान समेटते दिखाई दिए। वहीं बड़ी संख्या में लोग लोहे के सरिए, टीनशेड, पानी की टंकियां, फर्नीचर और अन्य निर्माण सामग्री इकट्ठा करते नजर आए। बुलडोजर चलते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और प्रभावित लोगों की आंखों में अपने आशियाने उजड़ने का दर्द साफ दिखाई दिया।

ये भी पढ़ें

Marco Rubio in Jaipur : मार्को रुबियो आज आएंगे जयपुर, दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा ट्रैफिक
Updated on:
25 May 2026 08:33 am
Published on:
25 May 2026 08:30 am
Also Read
View All