
Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी जरूर है, लेकिन मौसम विभाग ने जून के अंतिम सप्ताह से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 48 घंटों में मानसून पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दोबारा सक्रिय हुआ है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से होकर गुजर रही है। अगले 5-7 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं जिससे कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने की संभावना बढ़ गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि जून के आखिरी दिनों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 19 मिलीमीटर बारिश डीडवाना में रिकॉर्ड हुई। हालांकि अधिकांश जिलों में बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार ये बदलाव मानसून की सक्रियता बढ़ने का संकेत है और आने वाले दिनों में नमी वाली हवाओं के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। किसानों को उम्मीद है कि आगामी बारिश खरीफ फसलों की बुआई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाएगी। वहीं लोगों को उमस भरे मौसम से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
बारिश के बावजूद राजस्थान में गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर और बीकानेर में 40.8, श्रीगंगानगर में 40.2, करौली में 40.1, चित्तौड़गढ़ में 40.0 और जोधपुर शहर में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है, हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।