जयपुर

Iran-Israel War: ईरान-इजराइल युद्ध के बीच जयपुर एयरपोर्ट से फिर आई बड़ी खबर, बढ़ गई टेंशन

Iran-Israel War: मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल तनाव का असर जयपुर एयरपोर्ट पर दिखा। अबू धाबी, शारजाह और दुबई जाने वाली चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लगातार पांचवें दिन रद्द रहीं।

2 min read
Mar 04, 2026
दुर्ग, रायगढ़, कोरबा व बस्तर में बनेगा नया एयरपोर्ट, देशभर में 28840 करोड़ रुपए खर्च करेगी केंद्र सरकार(photo-patrika)
दुर्ग, रायगढ़, कोरबा व बस्तर में बनेगा नया एयरपोर्ट, देशभर में 28840 करोड़ रुपए खर्च करेगी केंद्र सरकार(photo-patrika)

Jaipur Airport International Flight Cancel Update: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और अस्थिरता का सीधा असर अब राजस्थान के हवाई यातायात पर पड़ने लगा है। सुरक्षा चिंताओं और अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों के कारण जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ने वाली चार प्रमुख फ्लाइट्स बुधवार को लगातार पांचवें दिन रद्द रहीं।

इस अचानक आए संकट ने न केवल यात्रियों के सफर में बाधा डाली है। बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।

इन उड़ानों पर पड़ा असर

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी एयरलाइंस शामिल हैं।

  • एतिहाद एयरवेज (EY-329): यह फ्लाइट हर रात 3:15 बजे अबू धाबी के लिए उड़ान भरती है।
  • एयर अरेबिया (G9-436): तड़के 4:10 बजे शारजाह जाने वाली इस उड़ान को रद्द करना पड़ा।
  • एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX-195): सुबह 8:20 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइट लगातार स्थगित है।
  • स्पाइसजेट (SG-57): दुबई के लिए सुबह 9:40 बजे संचालित होने वाली इस उड़ान को भी रद्द रखा गया।

यात्रियों के सामने खड़ा हुआ संकट

फ्लाइट्स रद्द होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है। यात्रियों को मुख्य रूप से तीन बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री दुबई या अबू धाबी से यूरोप या अमेरिका के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले थे, जिनका पूरा ट्रैवल प्लान अब बिगड़ चुका है।

खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासियों के वीजा की वैधता खत्म होने का डर है, साथ ही महंगे होटलों की बुकिंग का पैसा भी डूब रहा है। व्यापारियों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर है, क्योंकि व्यापारिक बैठकें और शिपमेंट से जुड़े काम अटक गए हैं।

एयरलाइंस और एयरपोर्ट का रुख

हालांकि, एयरलाइंस यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दे रही हैं, लेकिन अचानक बढ़ी मांग के कारण वैकल्पिक टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं। एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में सुरक्षा स्थिति सामान्य नहीं होती और एयरस्पेस पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक यह अनिश्चितता बनी रह सकती है।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन के हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

Published on:
04 Mar 2026 02:15 pm