जयपुर

जयपुर: 5 गुना पैसा करने का झांसा देकर थमाए ‘चिल्ड्रन बैंक’ के नोट, नकली नोटों की 14 गड्डियां जब्त, आरोपी गिरफ्तार

Fake Children Bank Note Scam: जयपुर में एसआईटी और मुहाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली नोटों से ठगी करने वाले 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ‘एक के बदले पांच’ का लालच देकर लोगों को चिल्ड्रन बैंक के नोट थमाता था। पुलिस ने 500 रुपए के 1400 नकली नोट, 7 फर्जी नंबर प्लेट और कार जब्त की।

2 min read
Jun 21, 2026
Jaipur Fake Children Bank Note Scam
आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

Jaipur Fake Children Bank Note Scam: जयपुर: यदि कोई शख्स आपको 'एक के बदले पांच' यानी कम पैसों के बदले पांच गुना ज्यादा रकम देने का लालच दे, तो तुरंत सावधान हो जाएं। वह आपको अमीर बनाने नहीं, बल्कि कंगाल करने आया है।

जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और मुरलीपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बच्चों के खेलने वाले नकली नोटों से ठगी करने वाले एक शातिर इनामी बदमाश पीयूष चौधरी (21) निवासी झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पत्रकार कॉलोनी थाने के एक मामले में 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

भागने की कोशिश में फटा टायर

सीएसटी की टीम को इनपुट मिला था कि आरोपी बिना नंबर की सफेद कार से ठगी करने आ रहा है। सीकर रोड स्थित ढेहर का बालाजी के पास पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो पीयूष ने कार को बैंक कर गली में भगाने की कोशिश की। इस आपाधापी में उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई और टायर फट गया। पुलिस ने तुरंत 'ई-साक्ष्य' एप के जरिए मौके की लाइव वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कर आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी के पास से पुलिस को भूरे रंग के लेदर बैग में 500-500 रुपए की 14 गड्डियां (कुल 1400 नोट) मिलीं। आरोपी को पकड़ने में सीएसटी के एसआइ संदीप, एएसआई कमल और हेड कांस्टेबल महेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी की कार से 7 फर्जी नंबर प्लेट्स और 3 मोबाइल भी बरामद किए हैं।

जानिए कैसे बुनता था मायाजाल

'एक के बदले पांच' का मायाजालः आरोपी भोले-भाले लोगों को झांसा देता था कि वह उन्हें असली नोट के बदले 5 गुना ज्यादा करेंसी (नकली नोट) देगा, जो बाजार में आसानी से चल जाएगी। लोग इस अवैध और शार्टकट लालच में फंस जाते थे।

ऊपर-नीचे असली नोटः आरोपी कुल 14 गड्डियों में से केवल 4 गड्डियों के सबसे ऊपर और नीचे 500 रुपए के असली नोट लगाता था। गड्डियों के अंदर के बाकी सभी नोट हूबहू असली जैसे दिखते थे, लेकिन उन पर बारीक अक्षरों में 'भारतीय बच्चों का बैंक' लिखा होता था।

दबाव बनाकर भागनाः आरोपी शिकार को सूनसान जगह बुलाकर ऊपर-नीचे के असली नोट फटाफट चेक कराता था और पुलिस आने वाली है' का डर दिखाकर नकली गड्डियां थमाकर अपनी कार से रफूचक्कर हो जाता था।

Published on:
21 Jun 2026 08:13 am