जयपुर

जयपुर में हादसा: FTI ऑफिस की छत गिरी, मलबे में दबने से 10 मजदूर घायल

Jaipur FTI Office Accident: राजधानी जयपुर के बजाज नगर स्थित फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट कार्यालय की छत सोमवार शाम अचानक गिर गई। हादसे में 10 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। सभी को एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर है।
2 min read
Jul 06, 2026
Jaipur FTI Office Accident
घायलों का इलाज जारी (फोटो एक्स)

Jaipur FTI Office Roof Collapses: जयपुर: जयपुर में सोमवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर स्थित बजाज नगर इलाके में फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (FTI) ऑफिस की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे के वक्त वहां काम कर रहे 10 से अधिक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। छत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की मदद से फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया।

एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में मचा हड़कंप

हादसे के तुरंत बाद सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां भी हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालते हुए एसएमएस थाना पुलिस और अस्पताल का मेडिकल स्टॉफ तुरंत एक्टिव हुआ और घायलों के इलाज की आपातकालीन व्यवस्था शुरू की गई।

सवाई मानसिंह अस्पताल थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह हादसा बजाज नगर इलाके में शाम के समय हुआ, जब एफटीआई ऑफिस में निर्माण या मरम्मत का कार्य चल रहा था।

गंभीर घायल मजदूर विशेष निगरानी में

अस्पताल के डॉक्टरों की एक विशेष टीम सभी घायल मजदूरों के इलाज में जुटी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें डॉक्टरों की कड़ी और विशेष निगरानी में रखा गया है। हादसे में लालाराम, राजीव कुमार, नीतीश कुमार, उदित, प्रमोद, बकू, कार्तिक और अशोक समेत कुछ अन्य मजदूर घायल हुए हैं। प्रशासनिक टीम घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मजदूर रोजाना की तरह एफटीआई ऑफिस के भीतर काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरी छत नीचे आ गिरी। फिलहाल, यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि छत गिरने की मुख्य वजह क्या थी। क्या इमारत जर्जर थी या निर्माण कार्य में कोई कमी थी।

प्रशासन और पुलिस की टीमों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके बयान लिए जाएंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर हादसे के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पहली प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है।

Updated on:
06 Jul 2026 10:03 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:01 pm