6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीकानेर के किरतासर में हादसा: पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे सहित 3 की मौत, गांव में पसरा मातम

Bikaner News: बीकानेर जिले में नोखा के किरतासर गांव में पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहले 10 वर्षीय मनोज डिग्गी में गिरा, उसे बचाने 15 वर्षीय नरेंद्र कूदा। दोनों को बचाने के लिए प्रेमा देवी ने भी छलांग लगाई, लेकिन तीनों डूब गए।
2 min read
Google source verification
Bikaner News

पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे सहित 3 की मौत (पत्रिका फोटो)

Bikaner Kirtasar Accident News: नोखा (बीकानेर): बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र के किरतासर गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक मासूम को बचाने के प्रयास में तीन जिंदगियां असमय ही काल के ग्रास में समा गईं। इस ह्रदय विदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

पैर फिसलने से शुरू हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को किरतासर गांव के एक खेत में यह हादसा हुआ। 10 वर्षीय मासूम मनोज पुत्र सेतानाराम नायक खेत में बनी पानी की डिग्गी से पानी निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

मनोज को पानी में डूबता और चिल्लाता देख पास ही मौजूद 15 वर्षीय नरेंद्र पुत्र अर्जुनराम नायक उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे डिग्गी में कूद गया। लेकिन डिग्गी में पानी का स्तर बहुत अधिक होने के कारण नरेंद्र भी खुद को संभाल नहीं पाया और वह भी डूबने लगा।

बचाने के प्रयास में डूबी मां

दोनों बच्चों को पानी में जिंदगी और मौत से जूझता देख नरेंद्र की मां प्रेमा देवी (30) पत्नी अर्जुनराम वहां दौड़ी आईं। ममता के वश में होकर उन्होंने अपने बेटे और मनोज को बचाने के लिए डिग्गी में छलांग लगा दी। हालांकि, डिग्गी की गहराई और पानी का दबाव बहुत ज्यादा होने के कारण प्रेमा देवी भी दोनों बच्चों को बाहर निकालने में असफल रहीं और देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़े प्रयासों के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला और अचेत अवस्था में तुरंत बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई है। हादसे में मां-बेटा (प्रेमा देवी और नरेंद्र) सहित मनोज की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। एक ही परिवार के दो लोगों सहित तीन मौतों से किरतासर गांव के हर घर में चूल्हा तक नहीं जला है।
-अरविंद भारद्वाज, थानाधिकारी (सीआई), नोखा